खून से लिखा पत्र: UP कॉलेज के छात्रों ने सीएम योगी से लगाई न्याय की गुहार, आरोपी पर सख्त कार्रवाई की मांग
वाराणसी I वाराणसी के उदय प्रताप कॉलेज में छात्र सूर्य प्रताप सिंह की हत्या के मामले को लेकर छात्रों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को कॉलेज के छात्रों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को खून से पत्र लिखकर न्याय की गुहार लगाई। छात्रों ने आरोपी की जेल बदलने, उसके भाई की गिरफ्तारी और जांच कमेटी में बदलाव की मांग की है।
गौरतलब है कि 20 मार्च की सुबह कॉलेज परिसर में ही छात्र सूर्य प्रताप सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में कॉलेज के ही छात्र मंजीत सिंह को आरोपी बनाया गया, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। हालांकि छात्रों का आरोप है कि आरोपी जेल से ही उन्हें धमकी दिलवा रहा है।
पूर्व छात्र नेता प्रतीक ने कहा कि घटना को एक महीना बीत चुका है, लेकिन पुलिस प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने बताया कि एडीएम प्रशासन की अध्यक्षता में गठित जांच कमेटी ने अब तक जांच शुरू नहीं की है, जिससे छात्रों में भय और असुरक्षा का माहौल है।
प्रतीक सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी का भाई सोशल मीडिया पर जातिसूचक टिप्पणियां करते हुए वीडियो वायरल कर रहा है और खुलेआम धमकियां दे रहा है। इसके बावजूद पुलिस ने उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की है।
वहीं पूर्व छात्र चंदन सिंह ने बताया कि उन्हें लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं और मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने में विफल रहा है।
छात्रों ने मांग की है कि आरोपी को मंडल से बाहर किसी अन्य जेल में स्थानांतरित किया जाए, ताकि वे भयमुक्त होकर रह सकें। साथ ही, मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए जांच कमेटी में बदलाव और आरोपी के भाई की तत्काल गिरफ्तारी की भी मांग की गई है।
