Movie prime

वाराणसी में LIC कर्मचारियों का जोरदार प्रदर्शन, भर्ती और पेंशन रिवीजन की मांग

 
वाराणसी में LIC कर्मचारियों का जोरदार प्रदर्शन, भर्ती और पेंशन रिवीजन की मांग
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

Varanasi : एलआईसी वाराणसी मंडल मुख्यालय भेलूपुर परिसर में मंगलवार को ऑल इंडिया इंश्योरेंस एंप्लॉयीज एसोसिएशन (AIIEA) के आह्वान पर कर्मचारियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। लंच अवकाश के दौरान आयोजित गेट मीटिंग, नारेबाजी, सभा और भाषण कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने भाग लिया।

प्रदर्शन का मुख्य मुद्दा दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम और लखनऊ में आंदोलनरत मजदूरों पर कथित लाठीचार्ज, ट्रेड यूनियन गतिविधियों पर रोक, यूनियन नेताओं को हाउस अरेस्ट करने, न्यूनतम मजदूरी लागू न करने और श्रम कानूनों में बदलाव के विरोध से जुड़ा रहा। कर्मचारियों ने एलआईसी में क्लास-3 और क्लास-4 पदों पर नई भर्ती नहीं होने तथा सेवानिवृत्त कर्मचारियों के पेंशन रिवीजन की मांग भी उठाई।

प्रदर्शन केवल वाराणसी मुख्यालय तक सीमित नहीं रहा, बल्कि मंडल के अंतर्गत आने वाले आठ जिलों—बलिया, गाजीपुर, मिर्जापुर, भदोही, चंदौली, सोनभद्र, जौनपुर और वाराणसी शहर में भी दोपहर 1:30 बजे विरोध प्रदर्शन आयोजित किए गए।

सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि श्रमिकों और कर्मचारियों के अधिकारों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सरकार से श्रमिक हितों की रक्षा और लंबित मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने की मांग की।

कार्यक्रम में अध्यक्ष नारायण चटर्जी, महामंत्री सुमंत कुमार, जितेंद्र कुमार, शैलेन्द्र मेहरोत्रा, अशोक कुमार, संतोष कुमार, अभिरुप, आरती श्रीवास्तव, संगीता गुप्ता, रीता देवी, भानू श्रीवास्तव, वीरेश मजूमदार, पूर्व महामंत्री सागर चटर्जी और राकेश गुजराती समेत करीब 100 कर्मचारी मौजूद रहे।