Movie prime

वाराणसी कचहरी को बम से उड़ाने की धमकी देने वाला एलएलबी छात्र गिरफ्तार, प्रेम प्रसंग में फंसाने की साजिश का खुलासा
 

 
 वाराणसी कचहरी को बम से उड़ाने की धमकी देने वाला एलएलबी छात्र गिरफ्तार, प्रेम प्रसंग में फंसाने की साजिश का खुलासा
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। वाराणसी की कचहरी और बार काउंसिल के सदस्य व वरिष्ठ अधिवक्ता श्रीनाथ त्रिपाठी को बम से उड़ाने की धमकी देने वाले मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी एलएलबी का छात्र अजीत कुमार सरोज है, जिसने अपनी प्रेमिका के पिता को फंसाने के इरादे से यह धमकी दी थी।

पुलिस जांच में सामने आया कि अजीत कुमार सरोज जंसा थाना क्षेत्र के रैसीपुर (सत्तनपुर) का निवासी है। वह अपनी पड़ोस की एक युवती से प्रेम करता था। युवती के पिता को इस संबंध की जानकारी होने पर उन्होंने युवती को मुंबई भेज दिया। इससे नाराज अजीत ने बदला लेने की योजना बनाई। उसने बुधवार रात प्रेमिका के पिता के मोबाइल से सिम चुरा लिया और अपने फोन में लगा कर वरिष्ठ अधिवक्ता श्रीनाथ त्रिपाठी के मोबाइल पर रात 2:30 बजे धमकी भरा मैसेज भेजा: “बनारस कचहरी को हम बम से उड़ा देंगे तुम्हें भी।”

श्रीनाथ त्रिपाठी ने इस मैसेज की जानकारी जिला जज संजीव शुक्ला और पुलिस अधिकारियों को दी। चूंकि पिछले कुछ दिनों में जिला जज के ई-मेल पर तीन बार इसी तरह की बम धमकियां मिल चुकी थीं, इसलिए पुलिस और प्रशासन तुरंत अलर्ट हो गया। कचहरी परिसर में बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वाड की टीम बुलाई गई, सघन जांच की गई, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। न्यायिक कार्य सामान्य रूप से जारी रहा।

भेलूपुर पुलिस ने अधिवक्ता श्रीनाथ त्रिपाठी की तहरीर पर संदिग्ध मोबाइल नंबर 07796041673 के खिलाफ मामला दर्ज किया। जांच में पुलिस ने आईएमईआई नंबर के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई। पूछताछ में अजीत ने अपना अपराध कबूल कर लिया। उसका मकसद प्रेमिका के पिता को धमकी के मामले में फंसाना था, ताकि वह रास्ते से हट जाए।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है। श्रीनाथ त्रिपाठी शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद समेत कई प्रमुख व्यक्तियों के अधिवक्ता हैं। बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने भी पुलिस से त्वरित कार्रवाई की मांग की थी।

यह घटना कचहरी में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा रही है, हालांकि पुलिस का कहना है कि धमकी झूठी साबित हुई और आरोपी की गिरफ्तारी से मामला सुलझ गया है।