Movie prime

लखनऊ अग्निकांड: काशी में मृतक छात्रों को दी गई श्रद्धांजलि, गंगा आरती से पहले श्रद्धालुओं ने रखा दो मिनट का मौन, किया दीपदान

 
...
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

 

वाराणसी। लखनऊ के अलीगंज स्थित कोचिंग सेंटर में हुए भीषण अग्निकांड में 15 छात्रों की दर्दनाक मौत के बाद धर्मनगरी काशी में भी शोक की लहर देखने को मिली। विश्व प्रसिद्ध दशाश्वमेध घाट पर आयोजित मां गंगा की दैनिक आरती के दौरान मृतक छात्रों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

...

गंगा सेवा निधि की ओर से आयोजित आरती कार्यक्रम में संस्था के अर्चकों ने मां गंगा में दीपदान कर हादसे में जान गंवाने वाले छात्रों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इस दौरान बाबा श्री काशी विश्वनाथ और मां गंगा से दिवंगत छात्रों को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा उनके परिजनों को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की गई।

गंगा आरती प्रारंभ होने से पहले दो मिनट का मौन रखकर मृतक छात्रों को श्रद्धांजलि दी गई। साथ ही हादसे में घायल छात्रों और अन्य लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना भी की गई।

..

गंगा सेवा निधि के पदाधिकारियों ने कहा कि लखनऊ में हुई यह घटना अत्यंत दुखद और हृदय विदारक है। पूरे देश के साथ काशी भी इस दुख की घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है।

इस अवसर पर गंगा सेवा निधि के अध्यक्ष सुशांत मिश्रा, कोषाध्यक्ष आशीष तिवारी, सचिव हनुमान यादव सहित संस्था के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। वहीं गंगा आरती में शामिल होने आए हजारों श्रद्धालुओं ने भी मौन रखकर दिवंगत छात्रों को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।