मध्यप्रदेश मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने काशी विश्वनाथ धाम में किए दर्शन
वाराणसी। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सोमवार को काशी विश्वनाथ धाम पहुंचे, जहां उन्होंने विधि-विधान से बाबा विश्वनाथ का दर्शन और पूजन किया। उनके आगमन को देखते हुए मंदिर परिसर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। धाम और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस बल व प्रशासनिक अधिकारियों की भारी तैनाती रही, ताकि श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो।
मुख्यमंत्री ने वैदिक मंत्रोच्चार और मंगलाचरण के बीच बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक किया। इसके बाद गर्भगृह में विधिपूर्वक पूजा-अर्चना कर देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर के आचार्यों ने वैदिक परंपरा अनुसार पूरे अनुष्ठान को संपन्न कराया।
दर्शन-पूजन के बाद मीडिया से बातचीत में डॉ. मोहन यादव ने कहा कि वे बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन से आए हैं और आज बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी पहुंचकर खुद को बेहद सौभाग्यशाली महसूस कर रहे हैं। काशी में दर्शन से मन को विशेष शांति और प्रसन्नता मिली है। उन्होंने आगे कहा कि काशी आध्यात्म और संस्कृति की अनुपम नगरी है। यहां आकर आत्मिक ऊर्जा की अनुभूति होती है। बाबा विश्वनाथ से देश और प्रदेश की निरंतर उन्नति तथा खुशहाली की कामना की है।
