Movie prime

बाढ़ पीड़ितों के बीच पहुंचे मंत्री रविंद्र जायसवाल, बांटी खाद्यान्न किट और बच्चों को दी चॅाकलेट, बोले- नहीं होने देंगे कोई परेशानी

 
...
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने प्रभावित लोगों के लिए राहत शिविरों में जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की है। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि राहत शिविरों में रह रहे लोगों को दिन में तीन समय भोजन के साथ नाश्ता भी उपलब्ध कराया जा रहा है। लोगों के रहने के लिए भी पर्याप्त और बेहतर इंतजाम किए गए हैं।

..

सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए राहत शिविरों में 24 घंटे सुरक्षा कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। वहीं, बच्चों के लिए दूध और फल की भी व्यवस्था की गई है। प्रशासन की ओर से बाढ़ प्रभावित इलाकों में 35 नावें लगाई गई हैं। इन सभी नावों पर एक-एक पुलिसकर्मी की तैनाती की जाएगी। पुलिसकर्मियों को टॉर्च भी उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि रात के समय राहत और बचाव कार्य में किसी तरह की परेशानी न हो।

16 बाढ़ राहत चौकियों पर मेडिकल टीमें तैनात

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में बनाई गई 16 बाढ़ राहत चौकियों पर मेडिकल टीमों की तैनाती की गई है। राहत शिविरों में रह रहे लोगों को जरूरत के अनुसार चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

प्रशासन के मुताबिक, फिलहाल बाढ़ से एक तहसील के 14 गांव प्रभावित हुए हैं। वहीं, पशुओं की देखभाल के लिए भी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। अब तक 692 कैंपों के माध्यम से पशुओं के लिए आवश्यक दवाओं का वितरण किया जा चुका है।

मंत्री ने राहत शिविर पहुंचकर बांटी खाद्यान्न किट

इसके बाद मंत्री रविंद्र जायसवाल ने जेपी मेहता स्थित राहत शिविर का दौरा किया। उन्होंने वहां बाढ़ प्रभावित परिवारों को खाद्यान्न की किट वितरित कीं और शिविर में रह रहे लोगों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना।

मंत्री ने प्रभावित परिवारों को भरोसा दिलाया कि सरकार और प्रशासन की ओर से उन्हें हरसंभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी और किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। इस दौरान उन्होंने राहत शिविर में मौजूद बच्चों को चॉकलेट भी बांटी।

प्रशासन का कहना है कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत, सुरक्षा, स्वास्थ्य और भोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि प्रभावित लोगों को समय पर जरूरी सहायता मिल सके।