छठ पूजा की तैयारियों का जायजा लेने शास्त्री घाट पहुंचे मंत्री रविन्द्र जायसवाल, परखी सुरक्षा और सफाई व्यवस्था
वाराणसी में छठ महापर्व को लेकर घाटों पर तैयारियां तेज हो गई हैं। श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासनिक स्तर पर व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को प्रदेश के स्टाम्प एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने कचहरी स्थित वरुणा पुल के नीचे शास्त्री घाट पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने वरुणा नदी में सफाई व्यवस्था का भी निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मंत्री रविन्द्र जायसवाल सफाई कार्य में लगी मशीन पर बैठकर वरुणा नदी में पहुंचे और नदी की स्वच्छता व्यवस्था को करीब से देखा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ पूजा के दौरान व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं की सुरक्षा में किसी तरह की लापरवाही न हो। नदी के अंदर भी पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम किए जाएं, ताकि पूजा के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।
मंत्री ने कहा कि छठ महापर्व पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु घाटों पर पहुंचते हैं। ऐसे में घाटों की साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी, आवागमन की व्यवस्था और बैरिकेडिंग समय रहते पूरी कर ली जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी जरूरी इंतजाम प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करने को कहा।
सुरक्षा और स्वच्छता पर विशेष जोर
रविन्द्र जायसवाल ने नदी की सफाई के साथ-साथ घाटों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि छठ पूजा लोक आस्था का महत्वपूर्ण पर्व है। इस दौरान व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना में किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों से सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने और व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने को कहा। मंत्री ने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता सरकार एवं प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि छठ महापर्व शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो।
