महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में बीए-बीएससी प्रथम सेमेस्टर की परीक्षाएं 5 फरवरी से शुरू
वाराणसी I महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में सत्र 2025-26 के अंतर्गत स्नातक (बीए-बीएससी) प्रथम सेमेस्टर की परीक्षाएं 5 फरवरी 2026 से शुरू हो रही हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने शुक्रवार को परीक्षा की तिथि और समय-सारिणी जारी कर दी है।
मुख्य परिसर के अलावा गंगापुर और एनटीपीसी परिसर के विद्यार्थियों की भी ये परीक्षाएं 5 फरवरी से 20 फरवरी तक सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित की जाएंगी। ये परीक्षाएं नई शिक्षा नीति (एनईपी) के आधार पर कराई जा रही हैं। प्रथम सेमेस्टर के छात्र लंबे समय से परीक्षाएं कराने की मांग कर रहे थे, जिसके बाद विश्वविद्यालय ने मुख्य परिसर, गंगापुर और एनटीपीसी परिसर के बीए-बीएससी प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा तिथियां घोषित की हैं।
परीक्षा नियंत्रक दीप्ति मिश्रा ने बताया कि सभी संकायों के लिए अलग-अलग परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं और सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि 5 फरवरी से 20 फरवरी के बीच केवल 8, 10 और 15 फरवरी को कोई परीक्षा नहीं होगी। शेष सभी तिथियों पर पेपर आयोजित किए जाएंगे।
छात्रों के विरोध के कारण परीक्षा तिथि में बदलाव
28 जनवरी को यूजीसी की नई नियमावली के विरोध में छात्रों द्वारा प्रदर्शन और विश्वविद्यालय बंद करवाने के कारण यूजी और पीजी की परीक्षाएं टाल दी गई थीं। परीक्षा नियंत्रक दीप्ति मिश्रा ने बताया कि एमएससी प्रथम सेमेस्टर (बॉटनी, केमिस्ट्री, फिजिक्स, जूलॉजी) तथा पीजी डिप्लोमा इन रिमोट सेंसिंग की परीक्षाएं अब 5 फरवरी को दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक होंगी। संबंधित विभागों से विस्तृत जानकारी ली जा सकती है।
