Movie prime

पूर्वांचल में माफिया पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 24.59 करोड़ की संपत्ति जब्त, 301 अपराधियों की खुली हिस्ट्रीशीट

 
जब्त
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। पूर्वांचल में माफिया, संगठित अपराध और आदतन अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने अपना शिकंजा और कस दिया है। वाराणसी परिक्षेत्र के जौनपुर, गाजीपुर और चंदौली में चलाए गए विशेष अभियान के तहत अपराधियों की अवैध संपत्तियों को जब्त करने से लेकर उनकी हिस्ट्रीशीट खोलने और गिरफ्तारी तक की कार्रवाई की गई है। 1 जनवरी से 31 अक्टूबर 2026 के बीच चले इस अभियान में अकेले गाजीपुर पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत करीब 24.59 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति कुर्क और जब्त की है।

पुलिस की इस कार्रवाई में मुख्तार अंसारी गैंग से जुड़े लोगों की संपत्तियां भी निशाने पर रही हैं। इसके अलावा शराब और मादक पदार्थों की तस्करी, गोतस्करी, अवैध हथियार और दूसरे संगठित अपराधों में शामिल लोगों के खिलाफ भी बड़े स्तर पर कार्रवाई की गई है।

मुख्तार अंसारी गैंग के शूटर और परिजनों की संपत्तियां कुर्क

अपराध से अर्जित संपत्तियों पर कार्रवाई के क्रम में 18 नवंबर को आईएस-191 गैंग के सरगना रहे मुख्तार अंसारी के मुख्य शूटर अंगद राय उर्फ झूलन की पत्नी सरिता राय के नाम पर खरीदी गई करीब 7 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति कुर्क की गई। इससे पहले अंगद राय का लगभग 9.50 करोड़ रुपये का होटल भी जब्त किया जा चुका है।

इसी तरह मुख्तार अंसारी की पत्नी आफ्सा अंसारी की 8.91 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है। दिल्ली में तीन बेनामी भूखंड भी चिह्नित किए गए हैं, जबकि बैंक खाते में जमा 53 लाख रुपये से अधिक की रकम फ्रीज कराई गई है। इसके अलावा मुख्तार अंसारी से जुड़े लखनऊ के दो मकानों को भी अटैच किया गया है।

पुलिस ने अन्य आरोपियों पर भी कार्रवाई की है। धोखाधड़ी के आरोपी विनोद कुमार गुप्ता की 4.40 करोड़ रुपये और मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल सुरेंद्र यादव की 3.60 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।

301 नए अपराधियों की खुली हिस्ट्रीशीट

अपराधियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने के लिए वाराणसी परिक्षेत्र के तीनों जिलों में 301 नई हिस्ट्रीशीट खोली गई हैं। इनमें सबसे अधिक 230 हिस्ट्रीशीट जौनपुर में और 71 गाजीपुर में खोली गई हैं।

वहीं, गुंडा एक्ट के तहत कुल 558 अपराधियों पर कार्रवाई की गई। इनमें जौनपुर के 260, चंदौली के 157 और गाजीपुर के 141 अपराधी शामिल हैं। गाजीपुर में तीन अपराधियों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) के तहत भी कार्रवाई की गई है।

इसके अलावा गोतस्करी और अवैध हथियारों से जुड़े सात गिरोहों के 45 सदस्यों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई प्रस्तावित है।

चंदौली पुलिस ने इनामी अपराधियों के खिलाफ भी अभियान चलाया। जिले में चिह्नित 199 इनामी अपराधियों में से 164 के खिलाफ कार्रवाई की गई। इनमें 82 को गिरफ्तार किया गया, जबकि 79 अपराधियों ने अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया।

शराब और मादक पदार्थों की तस्करी पर भी कार्रवाई

पुलिस के अभियान में अवैध शराब और नशीले पदार्थों के कारोबार पर भी शिकंजा कसा गया है। आबकारी अधिनियम के तहत कुल 648 मुकदमे दर्ज किए गए। चंदौली में 596 तस्करों को गिरफ्तार कर करीब 1.11 लाख लीटर से अधिक देशी-अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद की गई।

एनडीपीएस एक्ट के तहत 138 मामले दर्ज किए गए। चंदौली में कार्रवाई के दौरान 2,849 किलोग्राम गांजा, 1.9 किलोग्राम हेरोइन और 540 ग्राम अफीम बरामद की गई।

गोतस्करी के खिलाफ भी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। चंदौली में 109 मुकदमे दर्ज कर 191 तस्करों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान 687 गोवंश को मुक्त कराया गया और तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे 106 वाहनों को जब्त किया गया।

वहीं, अवैध हथियारों के खिलाफ जौनपुर में 205 और गाजीपुर में 145 मुकदमे दर्ज किए गए।
कई गंभीर अपराधों में आई कमी
पुलिस की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, जौनपुर में पॉक्सो एक्ट के मामलों में 21 प्रतिशत और दुष्कर्म की घटनाओं में कमी दर्ज की गई है। गाजीपुर में इस साल डकैती की एक भी वारदात सामने नहीं आई।

वहीं, चंदौली पुलिस ने हत्या और लूट के मामलों के खुलासे में भी सफलता का दावा किया है। जिले में हत्या के 21 मामलों में से 20 और लूट की 20 घटनाओं में से 19 का अनावरण किया गया है।
डीआईजी ने आम लोगों से की सहयोग की अपील
वाराणसी परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) वैभव कृष्ण ने कहा कि अपराध से अर्जित संपत्तियों को जब्त करने, अपराधियों की निगरानी बढ़ाने और फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी का अभियान आगे भी पूरी सख्ती से जारी रहेगा।

उन्होंने आम नागरिकों से भी अपराध के खिलाफ पुलिस का सहयोग करने की अपील की। डीआईजी ने कहा कि अवैध शराब, गोतस्करी, अवैध खनन, मादक पदार्थों की तस्करी, जुआ, रंगदारी और छेड़खानी जैसी गतिविधियों की जानकारी पुलिस के 'सतर्क मित्र व्हाट्सएप बॉट' नंबर 7839860411 पर दी जा सकती है।

पुलिस के मुताबिक, सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई के साथ-साथ आमजन की भागीदारी से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा।