Movie prime

काशी विश्वनाथ मंदिर के गेट नंबर 3 के पास महिलाओं से अश्लील इशारे करने का आरोप, युवक गिरफ्तार
 

 
 काशी विश्वनाथ मंदिर के गेट नंबर 3 के पास महिलाओं से अश्लील इशारे करने का आरोप, युवक गिरफ्तार
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के गेट नंबर तीन के पास महिलाओं और युवतियों पर अश्लील टिप्पणी करने और आपत्तिजनक इशारे करने के आरोप में चौक थाना पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मिशन शक्ति फेज 6.0 अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296 में मुकदमा दर्ज किया है।

महिलाओं की शिकायत पर हरकत में आई पुलिस

पुलिस के अनुसार, 22 अक्टूबर को मिशन शक्ति अभियान के तहत महिला उपनिरीक्षक मानसी वर्मा अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रही थीं। इसी दौरान कुछ महिलाओं और युवतियों ने शिकायत की कि काशी विश्वनाथ मंदिर के गेट नंबर तीन के पास एक युवक राह चलती महिलाओं को देखकर अश्लील शब्दों का प्रयोग कर रहा है और आपत्तिजनक इशारे कर रहा है।

शिकायत के मुताबिक, युवक की हरकतों से वहां से गुजरने वाली महिलाओं और युवतियों को असहज स्थिति का सामना करना पड़ रहा था। इसे लेकर स्थानीय लोगों में भी नाराजगी थी।

मकान की आड़ में छिपकर पुलिस ने की निगरानी

शिकायत मिलने के बाद महिला उपनिरीक्षक मानसी वर्मा टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिसकर्मी गली में एक मकान की आड़ में खड़े होकर युवक की गतिविधियों पर नजर रखने लगे।

पुलिस के मुताबिक, कुछ देर बाद जब महिलाएं गली से गुजरीं तो वहां मौजूद युवक ने उनके प्रति आपत्तिजनक व्यवहार किया। इसके बाद पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में ले लिया।

शाहजहांपुर का रहने वाला है आरोपी

गिरफ्तार युवक की पहचान 22 वर्षीय अमन गुप्ता पुत्र गोपाल गुप्ता के रूप में हुई है। वह उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत मुन्नूगंज फाटक, राजन कुआं इलाके का निवासी है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ चौक थाने में मुकदमा संख्या 0173/2026 दर्ज किया है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

मिशन शक्ति अभियान के तहत हुई कार्रवाई

पुलिस आयुक्त के निर्देश पर महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज 6.0 अभियान के अंतर्गत यह कार्रवाई की गई।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में चौक थाना प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार शुक्ला, महिला उपनिरीक्षक मानसी वर्मा, उपनिरीक्षक सुमित, महिला कांस्टेबल संजू देवी और खुशबू तथा कांस्टेबल अजीत कुमार यादव शामिल रहे।