Movie prime

वाराणसी: मणिकर्णिका घाट पर बनेगी पुलिस चौकी, मजबूत होगी सुरक्षा व्यवस्था

वाराणसी के मणिकर्णिका घाट पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए नई पुलिस चौकी बनाई जाएगी। पुलिस प्रशासन ने इसके लिए जगह चिह्नित कर ली है। इसी महीने चौकी निर्माण और पुलिसकर्मियों की तैनाती की तैयारी है। रोजाना करीब 10 हजार लोगों की आवाजाही को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।

 
वाराणसी
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: मणिकर्णिका घाट पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए पुलिस प्रशासन ने नई पुलिस चौकी बनाने का निर्णय लिया है। इसके लिए जगह भी चिह्नित कर ली गई है। सबकुछ योजना के मुताबिक रहा तो इसी महीने चौकी का निर्माण शुरू होने के साथ ही वहां प्रभारी और पुलिसकर्मियों की तैनाती कर दी जाएगी। नई चौकी बनने से घाट पर होने वाली गतिविधियों पर पुलिस की सीधी निगरानी रहेगी।

चौकी निर्माण के लिए चिह्नित स्थान का चौक इंस्पेक्टर ने निरीक्षण भी किया है। इसके साथ ही चौक थाना क्षेत्र में पुलिस चौकियों की संख्या बढ़कर छह हो जाएगी। पुलिस प्रशासन का मानना है कि घाट पर अलग पुलिस चौकी होने से सुरक्षा व्यवस्था संभालने और किसी भी घटना पर तुरंत कार्रवाई करने में आसानी होगी।

रोजाना हजारों लोगों की होती है आवाजाही

मणिकर्णिका घाट पर पूर्वांचल के अलग-अलग जिलों से लोग अपने परिजनों का अंतिम संस्कार करने पहुंचते हैं। धार्मिक मान्यता के अनुसार, इस घाट पर अंतिम संस्कार करने से दिवंगत को मोक्ष की प्राप्ति होती है। इसी वजह से यहां बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही रहती है।

मौजूदा समय में घाट पर औसतन 10 हजार लोगों का आवागमन होता है। इतनी बड़ी भीड़ के बीच मारपीट की घटनाएं भी बढ़ी हैं। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना पुलिस के लिए चुनौती बन रहा है। फिलहाल चौक पुलिस अतिरिक्त फोर्स लगाकर घाट पर विशेष निगरानी कर रही है।

नई चौकी से मजबूत होगी सुरक्षा व्यवस्था

घाट पर अलग पुलिस चौकी स्थापित होने से वहां तैनात पुलिसकर्मी नियमित रूप से निगरानी कर सकेंगे। किसी भी विवाद या अप्रिय घटना की सूचना मिलने पर पुलिस को मौके पर पहुंचने में भी आसानी होगी। चौकी प्रभारी और वहां तैनात पुलिसकर्मियों की जिम्मेदारी तय होने से सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने में मदद मिलेगी।

पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने बताया कि मणिकर्णिका घाट पर नई पुलिस चौकी स्थापित की जाएगी। इससे वहां आने वाले लोगों को सुरक्षा मिलेगी और किसी भी घटना की सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच सकेगी।