Movie prime

मनीष सिंह हत्याकांड : 5 आरोपियों के अवैध मकानों पर चलेगा प्रशासन का बुल्डोजर, नोटिस जारी

वाराणसी के मनीष हत्याकांड में प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। पांच आरोपियों के अवैध मकानों पर बुलडोजर चलाने की तैयारी है। चार घर नवीन परती और एक आरक्षित भूमि पर बने मिले। पुलिस ने आरोपियों को शरण देने वालों को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

 
मनीष सिंह हत्याकांड
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: मनीष सिंह हत्याकांड में अब प्रशासन सख्त कार्रवाई के मूड में नजर आ रहा है। पांच आरोपियों के अवैध मकानों पर जल्द ही बुलडोजर चलाने की तैयारी शुरू कर दी गई है। तहसील प्रशासन ने जांच पूरी कर कार्रवाई की प्रक्रिया तेज कर दी है।

जांच में सामने आई अवैध कब्जे की सच्चाई

तहसीलदार कुलवंत सिंह के नेतृत्व में घमहापुर क्षेत्र में आरोपियों के मकानों का गोपनीय सर्वे कराया गया। जांच में पाया गया कि मनीष, आशीष, दीपक और हरिश्चंद्र राजभर के पक्के मकान नवीन परती जमीन पर बने हैं। वहीं, आरोपी अजय राजभर ने घूर गड्ढे के लिए आरक्षित भूमि पर अवैध कब्जा कर मकान खड़ा कर लिया था।

नोटिस जारी, अब ध्वस्तीकरण की तैयारी

जांच में अवैध निर्माण की पुष्टि के बाद प्रशासन ने बेदखली की प्राथमिकी दर्ज करते हुए सभी आरोपियों को नोटिस जारी कर दिया है। एसडीएम पिंडरा प्रतिभा मिश्रा ने स्पष्ट किया कि नियमानुसार पूरी प्रक्रिया अपनाने के बाद इन अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया जाएगा।

मुठभेड़ में पकड़े आरोपी जाएंगे रिमांड पर

एडीसीपी गोमती जोन नृपेंद्र कुमार के अनुसार, मुठभेड़ में गिरफ्तार आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी, जिससे पूरे नेटवर्क और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं का खुलासा हो सके।

आरोपियों को शरण देने वाले भी नहीं बचे

मामले में सख्ती दिखाते हुए पुलिस ने इनामी आरोपियों को शरण देने वाले चार लोगों को भी गिरफ्तार कर लिया है। इनमें दानगंज कपिसा निवासी शिवचंद प्रसाद, घमहापुर के मुकुंद लाल राजभर, करखियांव फूलपुर के किशन और पुरा रघुनाथपुर बाबतपुर के गणेश कुमार राजभर शामिल हैं। सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

मुख्य आरोपी भी जेल भेजे गए, तलाश जारी

मुठभेड़ में पकड़े गए 50-50 हजार रुपये के इनामी आरोपी मनीष और आशीष राजभर को भी कोर्ट ने जेल भेज दिया है। हालांकि, इस हत्याकांड में शामिल तीन अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए फूलपुर पुलिस और क्राइम ब्रांच लगातार दबिश दे रही है।