काशी विद्यापीठ में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर सामूहिक योगाभ्यास, कुलपति बोले- योग से बनेगा भारत विश्वगुरु
Varanasi : 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ परिसर में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. आनन्द कुमार त्यागी ने विश्वविद्यालय परिवार, अतिथियों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं के साथ सामूहिक योगाभ्यास किया।
राष्ट्रीय प्राकृतिक चिकित्सा संस्थान, पुणे एवं आयुष मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से विश्वविद्यालय के क्रीड़ांगन में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कुलपति प्रो. त्यागी ने कहा कि योग का मूल उद्देश्य मानव जीवन के कल्याण का मार्ग प्रशस्त करना है। आज पूरी दुनिया योग के महत्व को स्वीकार कर रही है और इसके माध्यम से जीवन को बेहतर ढंग से जीने का संदेश प्राप्त कर रही है।

उन्होंने कहा कि योग शरीर की आंतरिक शक्ति को जागृत करता है तथा व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाता है। योग के माध्यम से ही भारत पुनः विश्वगुरु बनने के लक्ष्य को प्राप्त कर सकता है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के स्टाम्प एवं न्यायालय शुल्क तथा पंजीयन विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल ने कहा कि प्रतिदिन योग और प्राणायाम करने से व्यक्ति की कार्य क्षमता में वृद्धि होती है। उन्होंने सभी नागरिकों से योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया और अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदेश का यूट्यूब के माध्यम से सीधा प्रसारण भी किया गया। कार्यक्रम के समापन पर कुलपति प्रो. आनन्द कुमार त्यागी एवं अतिथियों ने योग जागरूकता साइकिल रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी सतेन्द्र कुमार, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, भाजपा महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरी, कुलसचिव डॉ. सुनीता पाण्डेय, कुलानुशासक प्रो. के.के. सिंह, छात्र कल्याण संकायाध्यक्ष प्रो. राजेश कुमार मिश्र सहित विश्वविद्यालय के अधिकारी, शिक्षक, कर्मचारी, एनएसएस स्वयंसेवक, एनसीसी कैडेट्स एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

