Movie prime

वाराणसी के मदनपुरा इलाके में लगी भीषण आग, 3 किलोमीटर दूर तक दिखा धुएं का गुबार

 
..
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। काशी के घनी आबादी वाले मदनपुरा इलाके में गुरुवार को एक इमारत में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास की इमारतों को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग की ऊंची लपटें और आसमान में उठता धुएं का गुबार देखकर स्थानीय लोग सहम गए। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया और लोग अपने घरों से बाहर निकल आए।

जानकारी के मुताबिक, मदनपुरा स्थित झाड़ू और पेंट की दुकान की पहली मंजिल पर काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने भयावह रूप ले लिया। लपटें पास की इमारत तक पहुंच गईं, जहां होटल और आभूषण की दुकान संचालित होती है। आग की चपेट में आने से दुकानों में रखे सामान को काफी नुकसान पहुंचा।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस कमिश्नरेट की टीम और फायर ब्रिगेड के जवान मौके पर पहुंच गए। दमकलकर्मियों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए आग पर काबू पाने की कोशिश की। घनी आबादी वाला इलाका होने के कारण मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए, जिससे बचाव कार्य के दौरान भीड़ को नियंत्रित करना भी चुनौती बना रहा।

मौके पर पहुंचे एसीपी अतुल अंजान त्रिपाठी ने लोगों से घटनास्थल पर भीड़ न लगाने की अपील की। उन्होंने वहां से गुजरने वाले लोगों को आगे बढ़ते रहने और रास्ता खाली रखने के निर्देश दिए, ताकि राहत एवं बचाव कार्य में कोई बाधा न आए।

एसीपी अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गई थीं। रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर आग पर काबू पा लिया गया। उन्होंने बताया कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि धुएं का गुबार करीब तीन किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया। काशी विश्वनाथ धाम के गेट नंबर-4 तक धुआं नजर आने से लोगों में चिंता बढ़ गई। फिलहाल, आग पर काबू पा लिया गया है। घटना में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।