चितईपुर मार्ग पर PWD की लापरवाही से नाराज़ महापौर, गड्ढों और जलभराव पर अभियंताओं को लगाई फटकार
वाराणसी। चितईपुर मार्ग पर लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की लापरवाही के कारण सड़क की बदहाल स्थिति अब नगर निगम की छवि पर भी सवाल खड़े कर रही है। सड़क पर जगह-जगह खोदे गए गहरे गड्ढों में बरसाती पानी भर जाने से राहगीरों और वाहन चालकों को रोजाना भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आए दिन लोग फिसलकर घायल हो रहे हैं, जबकि जनता का गुस्सा नगर निगम पर निकल रहा है, जबकि संबंधित सड़क पीडब्ल्यूडी के अधीन है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए शुक्रवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी ने नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ चितईपुर मार्ग का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान महापौर ने सड़क की बदहाली पर नाराजगी जताते हुए पीडब्ल्यूडी के अभियंताओं को कड़ी फटकार लगाई और तत्काल गड्ढों को भरकर आवागमन सुचारु करने के निर्देश दिए।
महापौर ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि मरम्मत कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही या देरी हुई तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ शासन स्तर पर शिकायत की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनता की सुरक्षा और सुविधा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने भी अधिकारियों को निर्देशित किया कि जलभराव और गड्ढों की समस्या का तत्काल स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
इस मौके पर क्षेत्रीय पार्षद मदन मोहन तिवारी, गोपाल जी, सुरेश पटेल, नामित पार्षद कमलेश पाल, पार्षद प्रतिनिधि अतुल पांडेय, विनीत सिंह और अजय बिंद मौजूद रहे। प्रशासनिक अधिकारियों में पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता आशुतोष सिंह, नगर निगम के चीफ इंजीनियर सुरेश चंद्र, जलकल विभाग के अधिशासी अभियंता सौरभ सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
चितईपुर मार्ग की बदहाल स्थिति ने पीडब्ल्यूडी की कार्यशैली और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। समय पर मरम्मत न होने से आम जनता को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि महापौर की सख्त चेतावनी के बाद पीडब्ल्यूडी कितनी तेजी से सड़क की मरम्मत कर लोगों को राहत दिलाता है।
