बरेका में ‘संडे ऑन साइकिल’ अभियान की पहली वर्षगांठ पर निकली भव्य साइकिल रैली
Dec 21, 2025, 13:05 IST
WhatsApp
Channel
Join Now
Facebook
Profile
Join Now
Instagram
Profile
Join Now
Varanasi : फिट इंडिया पहल के अंतर्गत “संडे ऑन साइकिल” (Sunday on Cycle) अभियान के एक वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर रविवार को बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में जोशपूर्ण साइकिल रैली का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम देशव्यापी समारोहों की श्रृंखला के तहत आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में अधिकारियों, कर्मचारियों, खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों ने भाग लिया।
गोल्फ कोर्स गेट से हुआ शुभारंभ
रैली के लिए प्रतिभागियों का एकत्रीकरण प्रातः बरेका गोल्फ कोर्स गेट पर किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 09:00 बजे प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर एवं अध्यक्ष, बरेका खेल संघ, श्री सुशील कुमार श्रीवास्तव ने हरी झंडी दिखाकर किया।
निर्धारित मार्ग से होते हुए स्टेडियम पर समाप्त
साइकिल रैली बरेका गोल्फ कोर्स गेट से प्रारंभ होकर रेलवे सुरक्षा बल चेक पोस्ट, सूर्य सरोवर, नाथुपुर गेट, भुल्लनपुर रेलवे स्टेशन के सामने से प्रशासन भवन तिराहा होते हुए बरेका स्टेडियम पर जाकर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में प्रतिभागियों का उत्साह और फिटनेस के प्रति जागरूकता देखते ही बन रही थी।
अधिकारियों, खिलाड़ियों और सुरक्षा बलों की रही सहभागिता
इस अवसर पर मुख्य यांत्रिक इंजीनियर (उत्पादन एवं विपणन) एवं महासचिव, बरेका खेलकूद संघ श्री सुनील कुमार, मुख्य सतर्कता अधिकारी श्री अंकुर चंद्रा सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे। साथ ही विभिन्न खेल अकादमियों के प्रशिक्षक व खिलाड़ी, आरपीएफ के जवान, सेंट जॉन्स एंबुलेंस ब्रिगेड, सिविल डिफेंस तथा भारत स्काउट एवं गाइड के सदस्य भी रैली में शामिल हुए।
‘फिट इंडिया’ का दिया गया संदेश
रैली में शामिल प्रतिभागियों ने “फिट इंडिया” के तहत “स्वस्थ समाज, उज्ज्वल भविष्य” के संकल्प के साथ साइकिलिंग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया। साथ ही पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण कम करने में साइकिल के महत्व पर भी जोर दिया गया। कार्यक्रम के समापन पर वक्ताओं ने कहा कि "संडे ऑन साइकिल” केवल एक अभियान नहीं, बल्कि स्वस्थ भारत के निर्माण की दिशा में एक जन आंदोलन है। इसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी देश के सतत विकास और उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव बनेगी।
