वाराणसी में बिजली उपभोक्ताओं के लिए मेगा कैंप, बिल से लेकर कनेक्शन तक की समस्याएं होंगी दूर
वाराणसी में बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए मेगा कैंप का आयोजन शुरू हो गया है। नगरीय विद्युत वितरण खंड वरुणापार और विभिन्न उपखंड कार्यालयों में लगने वाले इन कैंपों में बिजली बिल, मीटर और कनेक्शन से जुड़ी शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया जाएगा।
वाराणसी: बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए नगरीय विद्युत वितरण खंड वरुणापार की ओर से विशेष मेगा कैंप का आयोजन किया जा रहा है। विभाग ने अलग-अलग तिथियों पर विभिन्न कार्यालयों में कैंप लगाने का निर्णय लिया है, जहां उपभोक्ताओं की शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया जाएगा।
बिजली विभाग के अनुसार, इमलिया घाट स्थित नगरीय विद्युत वितरण खंड वरुणापार अधिशासी अभियंता कार्यालय में 15, 16, 18, 20 और 22 मई को विशेष कैंप लगाए जाएंगे। इसके अलावा 19 मई को उपखंड अधिकारी बड़ा लालपुर कार्यालय और 21 मई को उपखंड अधिकारी तरना कार्यालय में भी उपभोक्ता समाधान कैंप आयोजित किया जाएगा।
बिजली उपभोक्ताओं को मिलेगी बड़ी राहत
इन कैंपों के माध्यम से बिजली बिल, मीटर, नया कनेक्शन, खराब लाइन, लोड बढ़ाने, बिल संशोधन और अन्य तकनीकी समस्याओं से जुड़े मामलों का समाधान किया जाएगा। विभाग का उद्देश्य उपभोक्ताओं को कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत देना और समस्याओं का त्वरित निस्तारण करना है।
विभाग ने लोगों से की अपील
बिजली विभाग ने सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि जिन लोगों को बिजली सेवाओं से जुड़ी किसी भी प्रकार की परेशानी है, वे निर्धारित तिथियों में आयोजित कैंप में पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज कराएं। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि उपभोक्ताओं की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा।
