Movie prime

काशी में PM मोदी के जन्मदिन का मेगा प्लान, 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक होंगे 13 जनकल्याणकारी कार्यक्रम

 
काशी में PM मोदी के जन्मदिन का मेगा प्लान, 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक होंगे 13 जनकल्याणकारी कार्यक्रम
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

Varanasi : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर काशी में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक माह तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ और ऐतिहासिक ‘काशी-वडनगर यात्रा’ का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान काशी में 13 जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

अभियान की तैयारियों को लेकर रविवार, 13 सितंबर 2026 को भाजपा महानगर कार्यालय, गुलाब बाग में महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि की अध्यक्षता में व्यवस्था टोली की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में मुख्य अतिथि भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री एवं उत्तर प्रदेश के सह-प्रभारी जगदीश पटेल ने पदाधिकारियों और व्यवस्था टोली में शामिल कार्यकर्ताओं से संवाद किया। महापौर अशोक तिवारी ने भी कार्यक्रम को सुचारू रूप से संपन्न कराने को लेकर सुझाव दिए।

बैठक का शुभारंभ पंडित श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर दीप प्रज्वलन एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके बाद सामूहिक रूप से वंदे मातरम का गान हुआ। कार्यक्रम का संचालन महामंत्री अजय गुप्ता ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन जिलाध्यक्ष रामसकल पटेल ने किया।

v

काशी और वडनगर के बीच होगा सांस्कृतिक आदान-प्रदान

महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 13 वर्षों के मुख्यमंत्री कार्यकाल और 12 वर्षों के केंद्र सरकार के सेवाकाल को रेखांकित करते हुए यह अभियान पूरे एक महीने तक चलेगा।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री की जन्मभूमि वडनगर और कर्मभूमि काशी को जोड़ने के उद्देश्य से 500-500 प्रतिनिधियों के बीच सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक आदान-प्रदान किया जाएगा। इस यात्रा के तहत 17 सितंबर को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर पहुंचकर मुख्य कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद रुद्राक्ष गेट से युवा बाइकर्स के दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

काशी विश्वनाथ मंदिर में जलाभिषेक के बाद शुरू होगी बाइक यात्रा

17 सितंबर की सुबह 7 बजे से 10 बजे तक युवा मोर्चा के नेतृत्व में बाइकर्स का जत्था श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में जलाभिषेक करेगा। इसके बाद यात्रा का औपचारिक शुभारंभ किया जाएगा।

अभियान के तहत भाजपा बूथों पर दीपोत्सव का आयोजन भी किया जाएगा। इसके अलावा आशा एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान, विकास गाथा पर परिचर्चा और काशी विश्वनाथ कॉरिडोर तथा वंदे भारत जैसे विषयों पर आधारित भव्य रंगोली प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

v

पदाधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारियां

क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को लेकर पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपीं। बैठक में आत्मा विश्वेश्वर, चंद्रशेखर उपाध्याय, नवीन कपूर, राहुल सिंह, प्रमील पाण्डेय, अखिलेन्द्र सिंह सन्नी, अमित खरे, कुशाग्र श्रीवास्तव, पंकज चतुर्वेदी, राकेश जायसवाल, अनिल उपाध्याय, मधुप सिंह, जगन्नाथ ओझा, विनय सिंह, शोभनाथ मौर्य, सत्येंद्र सिंह, अश्वनी पाण्डेय, प्रवीण सिंह गौतम, राम प्रकाश बीरू, नवरतन राठी, रजत जायसवाल, अमन सोनकर, डॉ. अशोक राय, डॉ. मनोज श्रीवास्तव, डॉ. दिनेश कुमार दीनू, विनय मौर्य, अभिषेक त्रिपाठी, अरविन्द पाण्डेय, विजय गुप्ता, प्रशांत उपाध्याय, फौजदार शर्मा, अवनीश गुप्ता, प्रदीप जायसवाल, अंजलि चौहान, नीरज जायसवाल और अनूप जायसवाल सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।