Movie prime

काशी विद्यापीठ में HPV जागरूकता का संदेश: 50 बालिकाओं का टीकाकरण, कैंसर मुक्त भारत का संकल्प
 

 
 काशी विद्यापीठ में HPV जागरूकता का संदेश: 50 बालिकाओं का टीकाकरण, कैंसर मुक्त भारत का संकल्प
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के समाजशास्त्र विभाग एवं चिकित्सा विज्ञान संकाय तथा स्त्री वेलफेयर फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 76वें जन्मदिवस के अवसर पर गुरुवार को एचपीवी जागरूकता सेमिनार, कैंसर मुक्त भारत यात्रा 2026-27 और “आनन्दी मां—एक जीवन बचाओ” अभियान का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. आनन्द कुमार त्यागी ने कहा कि राष्ट्रहित में बच्चियों की शिक्षा, पालन-पोषण और स्वास्थ्य का उचित ध्यान रखना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि बच्चियों के ऊपर दो परिवारों की जिम्मेदारी रहती है, इसलिए उनके स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य के लिए समाज को सजग रहना चाहिए।

मुख्य वक्ता जिला प्रतिरक्षण अधिकारी अमित कुमार दुबे एवं उप प्रतिरक्षण अधिकारी, चंदौली आलोक कुमार सिंह ने एचपीवी संक्रमण और गर्भाशय ग्रीवा के कैंसर से बचाव के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जागरूकता कैंसर से बचाव का महत्वपूर्ण माध्यम है। शरीर में होने वाले बदलावों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए और समय पर जांच कराकर बीमारी की पहचान एवं उपचार सुनिश्चित किया जा सकता है।

वक्ताओं ने बताया कि सरकार द्वारा बच्चियों की सुरक्षा और स्वस्थ जीवन के लिए एचपीवी टीकाकरण कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एक स्वस्थ स्त्री परिवार और समाज की कई पीढ़ियों को प्रभावित करती है। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने कैंसर मुक्त और नशा मुक्त भारत के निर्माण का संकल्प भी लिया।

वैक्सीनेशन कार्यक्रम के दौरान चंदौली जनपद के प्राथमिक विद्यालयों की 50 बालिकाओं को उनके संरक्षकों एवं अध्यापकों की उपस्थिति में एचपीवी वैक्सीन लगाई गई। कार्यक्रम में चिकित्सा विभाग चंदौली एवं विश्वविद्यालय स्वास्थ्य केंद्र की टीम ने सहयोग किया। टीम में अजीत कुमार चौबे, बालेन्द्र सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी शामिल रहे।

कार्यक्रम का स्वागत चिकित्सा विज्ञान संकायाध्यक्ष प्रो. पितांबर दास एवं समाजशास्त्र विभागाध्यक्ष प्रो. अमिता सिंह ने किया। संचालन डॉ. चंद्रमणि तथा धन्यवाद ज्ञापन विश्वविद्यालय की चिकित्साधिकारी डॉ. रत्ना राय ने किया।

इस अवसर पर कुलसचिव डॉ. सुनीता पाण्डेय, कुलानुशासक डॉ. अम्बरीश राय, परीक्षा नियंत्रक दीप्ति मिश्रा, मानविकी एवं छात्र कल्याण संकायाध्यक्ष प्रो. राजेश कुमार मिश्र, प्रो. संजय, पर्यटन अध्ययन संस्थान की निदेशक प्रो. भारती रस्तोगी, एनएसएस समन्वयक डॉ. राहुल गुप्ता, डॉ. सौम्या यादव, डॉ. जय प्रकाश यादव, डॉ. अविनाश सिंह, डॉ. दिनेश सिंह कुशवाहा, डॉ. कृष्ण मोहन द्विवेदी, डॉ. पीयूष कुमार श्रीवास्तव, डॉ. चन्द्रशेखर, डॉ. संजय कुमार सोनकर, सतीश तिवारी सहित अन्य उपस्थित रहे।