Movie prime

काशी में एक-दूसरे को हुए मेक्सिकन कपल, नाव पर सनातन परंपरा से रचाई शादी

वाराणसी में मैक्सिको के एक विदेशी जोड़े ने गंगा नदी के बीच नाव पर वैदिक मंत्रों के साथ सनातन परंपरा से विवाह किया। दुल्हन ने बनारसी साड़ी पहनी। काशी की आध्यात्मिकता से प्रभावित होकर दोनों ने शादी का फैसला लिया। यह विवाह संस्कृतियों के सुंदर संगम का प्रतीक बना।

 
मेक्सिकन कपल
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: धर्म और आध्यात्म की नगरी वाराणसी एक बार फिर संस्कृतियों के अनोखे संगम की साक्षी बनी, जब मैक्सिको से आए एक विदेशी जोड़े ने सनातन परंपरा के अनुसार वैदिक विधि-विधान से विवाह रचाया। गंगा की पावन धारा के बीच नाव पर सात फेरे लेकर दोनों ने जीवनभर साथ निभाने का संकल्प लिया।

मैक्सिको के रुईज कब्रोल और गोंजलो मिगुल दो दिन पहले काशी घूमने पहुंचे थे, लेकिन यहां की आध्यात्मिकता और संस्कृति से इतने प्रभावित हुए कि उन्होंने यहीं शादी करने का फैसला कर लिया।

गंगा के बीच नाव पर लिए सात फेरे

विदेशी जोड़े का विवाह गंगा नदी के बीच नाव पर वैदिक मंत्रोच्चार और शास्त्रोक्त परंपराओं के साथ संपन्न हुआ। विवाह संस्कार आचार्य दीपक पांडेय ने कराया।

वैदिक मंत्रों, गंगा की लहरों और घाटों की आध्यात्मिक ऊर्जा के बीच दोनों ने सात फेरे लिए। शादी के बाद दूल्हे रुईज कब्रोल ने कहा कि काशी में विवाह करने के बाद उन्हें मानसिक शांति और आध्यात्मिक संतोष का अनुभव हुआ।

बनारसी साड़ी और कुर्ता-पाजामा में नजर आया भारतीय रंग

शादी के दौरान दूल्हे ने पारंपरिक कुर्ता-पाजामा पहना, जबकि दुल्हन गोंजलो मिगुल बनारसी साड़ी में सजी नजर आईं। गाइड आरिफ खान ने बताया कि दुल्हन ने खुद बनारसी साड़ी पहनने की इच्छा जताई थी, जिसके बाद उन्हें साड़ी उपलब्ध कराई गई।

बनारसी परिधान में सजी दुल्हन आकर्षण का केंद्र बनी रहीं और घाट पर मौजूद लोगों ने इस विवाह को संस्कृतियों के सुंदर संगम का प्रतीक बताया।

काशी की आध्यात्मिकता से प्रभावित होकर लिया फैसला

आचार्य दीपक पांडेय ने बताया कि दोनों विदेशी मेहमानों ने बिना किसी दबाव के हिंदू रीति-रिवाज से विवाह करने की इच्छा जताई थी। उन्होंने दो दिन तक काशी की आध्यात्मिक परंपराओं को समझा और फिर विवाह का निर्णय लिया।
गंगा, घाट, मंत्र और सनातन परंपरा के बीच संपन्न यह विवाह काशी की वैश्विक आध्यात्मिक पहचान को एक बार फिर मजबूत करता नजर आया।