Movie prime

वाराणसी में ट्रेन की चपेट में आने से अधेड़ की मौत, रेलवे ट्रैक पर मिला शव, शिनाख्त में जुटी पुलिस

 
..
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। कपसेठी थाना क्षेत्र में शनिवार को रेलवे ट्रैक पर एक करीब 50 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप मच गया। घटना कपसेठी रेलवे स्टेशन से करीब 500 मीटर आगे की बताई जा रही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार व्यक्ति ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही कपसेठी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन तत्काल उसके नाम और पते की पुष्टि नहीं हो सकी।

कालिका बाजार चौकी प्रभारी मधुसूदन त्रिपाठी ने बताया कि मृतक का शव रेलवे ट्रैक के बीचों-बीच पड़ा था। घटनास्थल से करीब 100 मीटर की दूरी पर पुलिस को एक आधार कार्ड मिला है। आधार कार्ड पर शारदा प्रसाद यादव, पिता रामपति यादव का नाम दर्ज है। इसमें पता कानपुर आगरा ट्रांसपोर्ट, सेकेंड फेज, भारत कम्पाउंड, नियर अरोकम जीआईडीसी, वापी परदी, जिला वलसाड, गुजरात दर्ज है।

हालांकि, पुलिस अभी आधार कार्ड के आधार पर मृतक की पहचान की पुष्टि नहीं कर रही है। चौकी प्रभारी के मुताबिक हादसे में मृतक का चेहरा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। ऐसे में आधार कार्ड पर लगी तस्वीर से उसकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है।

पुलिस ने आधार कार्ड पर दर्ज पते के आधार पर गुजरात के संबंधित थाने को सूचना भेज दी है। इसके साथ ही वहां के परिजनों और संबंधित व्यक्ति के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि पहचान की पुष्टि होने के बाद ही मृतक के बारे में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतक की शिनाख्त के साथ-साथ हादसे की परिस्थितियों की भी जांच की जा रही है।11:03 AM