Movie prime

BHU में आधी रात बवाल: छात्रों की पत्थरबाजी में सुरक्षाकर्मी घायल

वाराणसी के काशी हिंदू विश्वविद्यालय में पानी की समस्या को लेकर छात्रों का प्रदर्शन हिंसक हो गया। बिरला-ए छात्रावास में करीब एक घंटे तक पत्थरबाजी हुई, जिसमें एक सुरक्षाकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात को काबू में किया।

 
BHU में आधी रात बवाल
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) में शनिवार देर रात पानी की समस्या को लेकर छात्रों का प्रदर्शन हिंसक हो गया। बिरला-ए छात्रावास के बाहर शुरू हुआ विरोध देखते ही देखते पत्थरबाजी में बदल गया, जो करीब एक घंटे तक जारी रही। इस दौरान एक सुरक्षाकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जबकि कई अन्य सुरक्षाकर्मी भी चोटिल हुए।

जानकारी के अनुसार, रात करीब 11:30 बजे छात्रावास में पानी नहीं आने से नाराज छात्रों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। मौके पर पहुंचे वार्डन ने तत्काल 75 बोतल पानी की व्यवस्था कर छात्रों को दी और सुबह तक समस्या के समाधान का आश्वासन दिया, जिसके बाद छात्र अंदर लौट गए।

हालांकि कुछ देर बाद कुछ छात्र दोबारा बाहर आए और सड़क पर केक काटने लगे। इस दौरान सुरक्षा कर्मियों द्वारा मना करने पर विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते धक्का-मुक्की मारपीट में बदल गई।

इसके बाद कुछ छात्र छात्रावास की छत पर चढ़ गए और वहां से पत्थरबाजी शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि छात्रों ने छात्रावास की लाइट भी बंद कर दी, जिससे स्थिति और बिगड़ गई। रात करीब 12:30 बजे शुरू हुआ यह बवाल करीब 2:15 बजे जाकर शांत हुआ।

स्थिति बिगड़ने पर प्राक्टोरियल बोर्ड के समझाने के बावजूद जब छात्र नहीं माने, तो पुलिस बल को कैंपस में बुलाया गया। गौरव कुमार तीन थानों की फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और माइक के जरिए छात्रों से शांति बनाए रखने की अपील की।

इसी दौरान छात्रावास के वार्डन ने भी भावुक अपील करते हुए छात्रों से शांत रहने और शिक्षकों व सुरक्षाकर्मियों के प्रति सम्मान बनाए रखने को कहा। हालांकि छात्र लगातार “पानी दो” के नारे लगाते रहे। अंततः प्रशासन और पुलिस की समझाइश के बाद स्थिति पर काबू पाया गया।

छात्रों की प्रमुख मांगें

छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन के सामने कई समस्याएं रखीं, जिनमें वाटर कूलर और आरओ की मरम्मत, लाइट व्यवस्था दुरुस्त करना, बाथरूम और शौचालयों की मरम्मत, पानी की टंकी की सफाई, ड्रेनेज सिस्टम सुधार, कॉमन हॉल (जिम और लाइब्रेरी) की व्यवस्था, नियमित सफाई और खेल मैदान की मरम्मत शामिल हैं।

एसीपी गौरव कुमार ने बताया कि पानी की समस्या को लेकर शुरू हुआ विवाद सुरक्षाकर्मियों से कहासुनी के बाद बढ़ गया था, लेकिन पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में ले लिया है।