Movie prime

चोलापुर में खनन माफियाओं का दुस्साहस: खनन अधिकारी को धमकाकर छुड़ाई जब्त जेसीबी और दो ट्रैक्टर, 20 अज्ञात पर मुकदमा
 

 
 चोलापुर में खनन माफियाओं का दुस्साहस: खनन अधिकारी को धमकाकर छुड़ाई जब्त जेसीबी और दो ट्रैक्टर, 20 अज्ञात पर मुकदमा
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। चोलापुर थाना क्षेत्र के गोसाईपुर मोहांव गांव में अवैध मिट्टी खनन के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंचे खनन अधिकारी के साथ खनन माफियाओं ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया। करीब 20 की संख्या में पहुंचे बदमाशों ने खनन अधिकारी और होमगार्ड को जान से मारने की धमकी देते हुए जब्त की गई एक जेसीबी और दो ट्रैक्टर छुड़ा लिए। मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा, धमकी और अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

खनन अधिकारी अनुज कुमार ने बताया कि सोमवार देर रात 12 बजे के बाद सूचना मिली थी कि गोसाईपुर मोहांव में अवैध मिट्टी खनन किया जा रहा है। सूचना पर वह होमगार्ड अशोक के साथ मौके पर पहुंचे और खनन में प्रयुक्त एक जेसीबी तथा दो ट्रैक्टरों को कब्जे में लेकर चोलापुर थाने की ओर रवाना हुए।

इसी दौरान चार पहिया वाहनों और बाइक से पहुंचे लगभग 20 युवकों ने उनके वाहन को घेर लिया। आरोप है कि युवकों ने गाली-गलौज करते हुए खनन अधिकारी और होमगार्ड को जान से मारने की धमकी दी तथा जब्त जेसीबी और ट्रैक्टरों को जबरन छुड़ा ले गए। विरोध करने पर अभद्रता भी की गई।

चोलापुर थाना प्रभारी सधुवन राम गौतम ने बताया कि खनन अधिकारी की तहरीर पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटना में शामिल लोगों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

सरकारी जमीन पर भी जारी अवैध खनन

सेवापुरी ब्लॉक के बरनी गांव में सरकारी जमीन पर जेसीबी से अवैध खनन किए जाने का मामला भी सामने आया है। ग्राम प्रधान के लेटर पैड पर गांव के अनिल कुमार सिंह, सुशील कुमार पांडेय और प्रह्लाद ने पिछले समाधान दिवस पर राजातालाब तहसील में शिकायत पत्र दिया था। इसके बावजूद न तो खनन रुका और न ही प्रशासन की ओर से कोई प्रभावी कार्रवाई की गई। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस सब कुछ जानने के बावजूद मौन बनी हुई है।

बिना नंबर प्लेट दौड़ रहे ट्रैक्टर और जेसीबी

ग्रामीणों के अनुसार अवैध खनन में इस्तेमाल हो रहे अधिकांश जेसीबी और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर नंबर प्लेट तक नहीं लगी होती। रात के अंधेरे में ये वाहन सड़कों पर दौड़ते हैं, लेकिन न पुलिस उन्हें रोकती है और न ही एआरटीओ प्रवर्तन की ओर से कोई कार्रवाई की जाती है।

तीन महीने में दूसरी बार हमला

चोलापुर क्षेत्र में खनन माफियाओं के बढ़ते हौसलों का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पिछले तीन महीनों में खनन अधिकारियों पर यह दूसरा हमला है। इससे पहले भी खनन से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों को जेसीबी और ट्रैक्टर से कुचलने तक का प्रयास किया गया था। उन मामलों में भी प्राथमिकी दर्ज हुई, लेकिन आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी। रौना कला, मुर्दहा, आयर, दानगंज और नियार समेत कई इलाकों में अवैध खनन की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं।

एसीपी सारनाथ विदूष सक्सेना ने बताया, "खनन अधिकारी की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। समूह में आकर वाहन छुड़ाने वालों की पहचान की जा रही है। थाने की पुलिस को आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।"