Movie prime

मंत्री अनिल राजभर का अफसरों को सख्त आदेश, बोले- गांव से शहर तक पानी-बिजली व्यवस्था रखें दुरुस्त, 24 घंटे एक्टिव रहेंगे कंट्रोल रूम

 
..
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। जिले में पड़ रही भीषण गर्मी को देखते हुए प्रदेश के श्रम एवं सेवायोजन समन्वय मंत्री अनिल राजभर ने जलकल, जल निगम और विद्युत विभाग के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि गांवों और शहरों में पेयजल एवं बिजली आपूर्ति में किसी प्रकार की समस्या नहीं होनी चाहिए।

सोमवार को सर्किट हाउस सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि सभी सरकारी हैंडपंप हर हालत में चालू स्थिति में रहने चाहिए। जहां कहीं भी हैंडपंप खराब होने की सूचना मिले, वहां तत्काल मरम्मत कराई जाए। उन्होंने अधिकारियों को क्षेत्रीय अभियंताओं और कर्मचारियों के माध्यम से लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए।

मंत्री ने जल निगम के अधिकारियों से कहा कि पाइप पेयजल योजना के अंतर्गत लगाए गए सभी नलकूप पूरी तरह संचालित रहें, ताकि लोगों को पानी की समस्या का सामना न करना पड़े। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि कहीं भी पेयजल पाइपलाइन क्षतिग्रस्त न हो। यदि किसी स्थान पर पाइपलाइन खराब मिले तो उसकी तुरंत मरम्मत कराई जाए।

बैठक में बिजली व्यवस्था को लेकर भी मंत्री ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने विद्युत विभाग के अभियंताओं को निर्देशित किया कि बिना वजह बिजली कटौती किसी भी हाल में न की जाए। साथ ही खराब या जले हुए ट्रांसफार्मर की सूचना मिलते ही उसे तत्काल बदला जाए।

मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि वर्तमान समय में भीषण गर्मी पड़ रही है, ऐसे में पेयजल और बिजली आपूर्ति सुचारु रखना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को आम जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहने और हर शिकायत पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

उन्होंने जलकल, जल निगम और विद्युत विभाग के कंट्रोल रूम एवं हेल्पलाइन को 24 घंटे सक्रिय रखने पर जोर दिया। मंत्री ने कहा कि किसी भी गड़बड़ी की सूचना मिलने पर टीम को तुरंत मौके पर भेजकर समस्या का समाधान कराया जाए।

बैठक में विभागीय अभियंताओं और अधिकारियों को पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ काम करने की हिदायत दी गई, ताकि गर्मी के दौरान लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।