Movie prime

लहरतारा में जलजमाव और सीवर ओवरफ्लो पर भड़के मंत्री रविंद्र जायसवाल, अफसरों को लगाई फटकार, बोले- जल्द करें समाधान

 
...
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी में बारिश के बाद जलजमाव और सीवर ओवरफ्लो की समस्या को लेकर प्रदेश सरकार के स्टाम्प एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क मंत्री रविंद्र जायसवाल ने रविवार को लहरतारा वार्ड का स्थलीय निरीक्षण किया। शहर उत्तरी विधानसभा क्षेत्र के इस इलाके में उन्होंने स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और मौके पर स्थिति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान सड़क चौड़ीकरण के बाद लोगों को हो रही आवागमन की दिक्कत, जलजमाव, सीवर ओवरफ्लो और पेयजल से जुड़ी समस्याएं सामने आईं। स्थानीय लोगों ने मंत्री को बताया कि बारिश के दौरान क्षेत्र में जलभराव की स्थिति गंभीर हो जाती है, जिससे आने-जाने वाले लोगों को परेशानी होती है।

मंत्री रविंद्र जायसवाल ने लहरतारा चौराहा, बौलिया और फुलवरिया फोरलेन के नीचे सर्विस रोड बनाए जाने की जरूरत का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से मौके की स्थिति की जानकारी ली और समस्याओं के जल्द समाधान के निर्देश दिए।

मंत्री ने पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता के.के. सिंह और जलकल सचिव सुधीर कुमार को निर्देशित किया कि जलजमाव, सीवर ओवरफ्लो और सुगम आवागमन से जुड़े कामों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा कराया जाए। उन्होंने कहा कि लंबित कार्यों में तेजी लाई जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को जल्द राहत मिल सके।

रविंद्र जायसवाल ने अधिकारियों को मौके की वास्तविक स्थिति के आधार पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही संबंधित विभागों के बीच समन्वय बनाकर समस्याओं का स्थायी समाधान करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मंडल अध्यक्ष मनोज सोनकर, पार्षद संजू सरोज, पार्षद सिद्धनाथ शर्मा, राकेश जायसवाल, भरत गुप्ता, विनोद गुप्ता, संतोष गुप्ता समेत संगठन के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।