Movie prime

ट्रिपिंग और बिजली कटौती पर मंत्री रविंद्र जायसवाल की अफसरों को फटकार, बोले- बांस-बल्ली हटाकर तुरंत लगाएं पोल

 
...
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। शहर में विद्युत व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण और उच्चीकरण कार्यों की समीक्षा को लेकर स्टाम्प एवं न्यायालय शुल्क पंजीयन विभाग के मंत्री रविंद्र जायसवाल ने कमिश्नरी सभागार में विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति को बेहतर बनाने के लिए चल रही परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

मंत्री रविंद्र जायसवाल ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनपद में विद्युत व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए शासन द्वारा 478 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि उपलब्ध कराई गई है। इस राशि से बांस-बल्ली हटाने, जर्जर तारों को बदलने, नए विद्युत उपकेंद्रों के निर्माण और ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि जैसे कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने इन सभी परियोजनाओं को तेजी से पूरा कराने के निर्देश दिए।

बांस-बल्ली हटाकर लगाए जाएं अस्थायी पोल

मंत्री ने कहा कि जिन स्थानों पर अभी भी बांस-बल्ली के सहारे विद्युत आपूर्ति की जा रही है, वहां प्राथमिकता के आधार पर अस्थायी विद्युत पोल लगाए जाएं। साथ ही ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि और पुराने व जर्जर तारों को बदलने का कार्य युद्धस्तर पर पूरा किया जाए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि चिह्नित स्थलों पर निर्माणाधीन विद्युत उपकेंद्रों का कार्य भी निर्धारित समय में पूरा कराया जाए, ताकि उपभोक्ताओं को बेहतर बिजली आपूर्ति मिल सके।

ट्रिपिंग की समस्या का हो तत्काल समाधान

भीषण गर्मी और बढ़ती बिजली मांग को देखते हुए मंत्री ने कहा कि जिन वार्डों और क्षेत्रों में बार-बार ट्रिपिंग की समस्या सामने आ रही है, वहां तत्काल प्रभाव से समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने निर्बाध विद्युत आपूर्ति और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने पर भी विशेष जोर दिया।

मंत्री ने कहा कि स्थानीय स्तर पर पार्षदों और जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित कर जनता की समस्याओं का त्वरित निस्तारण किया जाए।

सड़कें न सुधारने वाले ठेकेदारों पर होगी कार्रवाई

बैठक के दौरान मंत्री ने शहर में अंडरग्राउंड विद्युत केबल बिछाने के बाद सड़कों के रिस्टोरेशन में हो रही लापरवाही पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर सड़क खोदने के बाद उसे समय पर ठीक नहीं किया जाता, जिससे आम नागरिकों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने अधिकारियों को ऐसे लापरवाह ठेकेदारों को चिह्नित कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि विकास कार्यों के साथ-साथ आम जनता की सुविधाओं का भी पूरा ध्यान रखा जाना चाहिए।

बैठक में विद्युत विभाग के अधिकारियों ने विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी देते हुए निर्धारित समय में कार्य पूरा करने का भरोसा दिलाया।