Movie prime

वाराणसी में जगह-जगह कूड़ा देख भड़के मंत्री सुरेश खन्ना, जिम्मेदार कर्मचारी का दो दिन का वेतन काटने के निर्देश

 
..
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री और वाराणसी के प्रभारी मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने बुधवार को टकटकपुर, अनौला और मीरापुर बसही क्षेत्र का औचक निरीक्षण कर शहर की सफाई व्यवस्था का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान कई जगहों पर सड़क किनारे कूड़े का ढेर, खराब सीवर, जलनिकासी की समस्या और क्षतिग्रस्त गलियां मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई।

टकटकपुर मुख्य मार्ग पर सुनील जलपान की दुकान के सामने बड़ी मात्रा में कूड़ा पड़ा मिला। इसके अलावा अनौला में अमर पुष्प कुंज के सामने और अनौला-मीरापुर बसही मुख्य मार्ग पर भी गंदगी मिली। मीरापुर बसही रोड स्थित श्यामपुर कॉलोनी के ब्लॉक-बी के सामने भी मुख्य मार्ग पर कूड़ा जमा था।

निरीक्षण के दौरान मीरापुर बसही में स्वास्थ्य मेडिकल एजेंसी के सामने सीवर खराब मिला। इससे गंदा पानी पास के खाली भूखंड में जा रहा था, जहां पहले से कूड़ा पड़ा हुआ था। वार्ड संख्या-16 की कुछ गलियों की स्थिति भी खराब मिली।

सफाई व्यवस्था में लापरवाही पर प्रभारी मंत्री ने संबंधित जिम्मेदार कर्मचारी का दो दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों से सभी स्थानों से तत्काल कूड़ा हटाने और खराब सीवर व जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त कराने को कहा। साथ ही क्षतिग्रस्त गलियों की जल्द मरम्मत कराने के निर्देश दिए।

सुरेश कुमार खन्ना ने अधिकारियों को नियमित क्षेत्र भ्रमण कर सफाई व्यवस्था की निगरानी करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि मुख्य मार्गों, गलियों और खाली भूखंडों में कूड़ा जमा नहीं होना चाहिए। नागरिक सुविधाओं से जुड़ी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। उन्होंने साफ किया कि सफाई व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।