Movie prime

चौबेपुर में नाबालिग लड़की का दोबारा अपहरण! मुख्य आरोपी जेल में, अब परिजनों पर लगा अगवा करने का आरोप
 

 
 चौबेपुर में नाबालिग लड़की का दोबारा अपहरण! मुख्य आरोपी जेल में, अब परिजनों पर लगा अगवा करने का आरोप
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। चौबेपुर थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की के दोबारा अपहरण का मामला सामने आया है। इस मामले में मुख्य आरोपी पहले से ही जेल में बंद है, लेकिन अब उसके परिजनों और रिश्तेदारों पर नाबालिग को दोबारा अगवा करने का आरोप लगा है। पीड़ित पिता ने पुलिस कमिश्नरेट पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है।

पीड़ित पिता के मुताबिक, मार्च 2026 में आरोपी पुनीत उनकी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर भगा ले गया था। आरोप है कि पुनीत ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर नाबालिग से शादी भी कर ली थी। मामले में चौबेपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने नाबालिग के बयान के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए 2 मई 2026 को आरोपी पुनीत को जेल भेज दिया था।

न्यायालय के आदेश पर नाबालिग को रामनगर स्थित बाल सुधार गृह से 6 मई 2026 को उसके माता-पिता को सौंप दिया गया था। पिता का आरोप है कि इसके बाद उन्हें लगातार एक अज्ञात नंबर से धमकी भरे फोन आने लगे। फोन करने वाले लोग उनकी बेटी से बात कराने का दबाव बना रहे थे।

पीड़ित पिता ने बताया कि 5 जून 2026 को जब वह मजदूरी करने गए थे, तभी सुनियोजित तरीके से जेल में बंद आरोपी पुनीत के रिश्तेदारों और परिजनों ने उनकी नाबालिग बेटी का दोबारा अपहरण कर लिया। परिवार का आरोप है कि इस संबंध में उन्होंने पहले स्थानीय पुलिस और थाना प्रभारी को प्रार्थना पत्र दिया, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।

इसके बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस के उच्चाधिकारियों से संपर्क किया। चौबेपुर थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। जांच की जिम्मेदारी उपनिरीक्षक पूजा गुप्ता को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि नाबालिग की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है और जल्द ही सफलता मिलने की उम्मीद है।