मिशन शक्ति : OTP से लेकर संदिग्ध लिंक तक... छात्राओं को महिला पुलिस ने समझाया साइबर फ्रॅाड से बचने का तरीका
मिशन शक्ति : OTP से लेकर संदिग्ध लिंक तक... छात्राओं को महिला पुलिस ने समझाया साइबर फ्रॅाड से बचने का तरीका
वाराणसी। मिशन शक्ति अभियान के तहत सोमवार को एमबीएस कॉन्वेंट स्कूल में छात्राओं और महिलाओं के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिला पुलिसकर्मियों ने छात्राओं को साइबर अपराध, महिला उत्पीड़न और अन्य अपराधों से बचाव के जरूरी उपाय बताए। मिशन शक्ति प्रभारी महिला उपनिरीक्षक संजना सिंह के नेतृत्व में महिला कांस्टेबल स्नेहा पांडेय और अंजली सोनकर ने छात्राओं से संवाद कर उन्हें सतर्क और जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया।
महिला पुलिसकर्मियों ने छात्राओं को सोशल मीडिया का इस्तेमाल करते समय सावधानी बरतने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करने, संदिग्ध कॉल उठाने या अज्ञात व्यक्ति के भेजे संदेश का जवाब देने से पहले पूरी तरह सतर्क रहें। छात्राओं को विशेष रूप से समझाया गया कि किसी के साथ ओटीपी, बैंक खाते की जानकारी, पासवर्ड या अन्य निजी और गोपनीय जानकारी साझा न करें।
कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि साइबर ठगी या किसी महिला संबंधी अपराध का सामना होने पर चुप रहने या डरने की जरूरत नहीं है। समय रहते पुलिस को सूचना देकर मदद ली जा सकती है। महिला पुलिसकर्मियों ने छात्राओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए बताया कि आपात स्थिति में 112, महिला सहायता के लिए 181, वूमेन पावर लाइन 1090, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और साइबर अपराध की शिकायत के लिए 1930 पर संपर्क किया जा सकता है।
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को छेड़छाड़, उत्पीड़न, साइबर अपराध अथवा किसी अन्य परेशानी की स्थिति में बिना घबराए तत्काल पुलिस की सहायता लेने के लिए प्रोत्साहित किया गया। महिला पुलिसकर्मियों ने कहा कि अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहना और अपराध के खिलाफ आवाज उठाना ही सुरक्षित समाज की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं और महिलाओं को जागरूक कर उन्हें साइबर अपराध और महिला संबंधी अपराधों से बचाव के लिए आत्मविश्वास के साथ आगे आने के लिए प्रेरित करना रहा।
