राजघाट में विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने किया लाभार्थी शिविर का शुभारंभ, सैकड़ों लोगों ने सरकारी योजनाओं के लिए कराया रजिस्ट्रेशन
वाराणसी। दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र में चल रहे 76 दिवसीय वार्ड प्रवास कार्यक्रम के तहत रविवार को राजघाट वार्ड के कोनिया स्थित ऑक्सफोर्ड स्कूल परिसर में लाभार्थी शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ पूर्व मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने किया।
शिविर में केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाए। बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने पहुंचकर आयुष्मान भारत योजना, विभिन्न पेंशन योजनाओं, आवास योजना सहित अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए पंजीकरण कराया।
शिविर में स्वास्थ्य विभाग, समाज कल्याण विभाग, दिव्यांग कल्याण विभाग, खाद्य एवं रसद विभाग, नगर निगम, बिजली विभाग समेत कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र बनवाने के लिए भी विशेष काउंटर लगाए गए, जहां लोगों को आवश्यक जानकारी और सहायता उपलब्ध कराई गई।
आयोजकों ने बताया कि 76 दिवसीय वार्ड प्रवास कार्यक्रम के दौरान प्रत्येक रविवार को इसी प्रकार लाभार्थी शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा सके।
शिविर में मुख्य राजस्व अधिकारी नोडल अधिकारी के रूप में उपस्थित रहे। वहीं मुख्य चिकित्सा अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने लोगों की समस्याएं सुनीं और योजनाओं से जुड़ी जानकारी दी।
इस अवसर पर विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी के साथ मंडल अध्यक्ष बबलू सेठ, पार्षद विजय सोनकर, रोहित जायसवाल, अभिजीत भारद्वाज, कनकलता मिश्रा, नलिन नयन मिश्र, दीपक कुशवाहा, विष्णु यादव सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
