विधायक नीलकंठ तिवारी ने दक्षिणी विधानसभा को दी 80 लाख के विकास कार्यों की सौगात, मिनी नलकूप और स्मार्ट चौका कार्य का किया शिलान्यास
वाराणसी। शहर की दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देते हुए विधायक एवं पूर्व मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी ने रविवार को करीब 80 लाख रुपये की लागत से होने वाले दो जनहित कार्यों का शुभारंभ किया। इन कार्यों में पेयजल सुविधा के लिए मिनी नलकूप की स्थापना और गलियों को स्मार्ट चौका से बेहतर बनाने की योजना शामिल है।

आदमपुर वार्ड के नई बस्ती मोहल्ले में विधायक निधि से 27 लाख रुपये की लागत से मिनी नलकूप लगाया जाएगा। इसके लिए डॉ. नीलकंठ तिवारी ने भूमि पूजन किया। मिनी नलकूप की सुविधा मिलने से मोहल्ले के लोगों को पेयजल की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। इस दौरान विधायक ने संबंधित विभाग के अभियंताओं को तेजी से काम पूरा कर जल्द पेयजल आपूर्ति शुरू कराने के निर्देश दिए।
वहीं, मध्यमेश्वर वार्ड में करीब 53 लाख रुपये की लागत से स्मार्ट चौका लगाने के कार्य का भी शिलान्यास किया गया। इस परियोजना के पूरा होने के बाद क्षेत्र की गलियों को बेहतर स्वरूप मिलने के साथ स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा होगी।
दोनों परियोजनाओं पर कुल करीब 80 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। स्थानीय स्तर पर पेयजल सुविधा को मजबूत करने और गलियों के सुधार के उद्देश्य से शुरू किए गए इन कार्यों को क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान मंडल अध्यक्ष तारकेश्वर गुप्ता (बंटी), बबलू सेठ सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। मिनी नलकूप की सौगात मिलने पर क्षेत्रवासियों ने खुशी जाहिर की।
