Movie prime

सीवर लाइन की सुस्त रफ्तार पर भड़के विधायक नीलकंठ तिवारी, अधिकारियों को लगाई फटकार

 
...
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। शहर दक्षिणी विधानसभा के विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने अपने 76 दिवसीय वार्ड प्रवास अभियान के तीसरे दिन मंगलवार को कोनिया वार्ड का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया और स्थानीय लोगों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनी।

...

वार्ड प्रवास की शुरुआत विधायक ने क्षेत्र में चल रहे सीवर लाइन निर्माण कार्य के निरीक्षण से की। कार्य की धीमी प्रगति पर उन्होंने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों से मौजूदा स्थिति की जानकारी ली। इसके बाद उच्च अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि तय समयसीमा के भीतर कार्य पूरा किया जाए और लापरवाही किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के बाद विधायक ने पूरे वार्ड का भ्रमण किया। उन्होंने स्वयं झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया और लोगों से बरसात के मौसम में साफ-सफाई बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि जलभराव और गंदा पानी बीमारियों को बढ़ावा देता है, इसलिए आसपास पानी जमा न होने दें और बच्चों के स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें।

वार्ड भ्रमण के दौरान विधायक ने घर-घर जाकर लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। स्थानीय नागरिकों ने बिजली आपूर्ति और स्ट्रीट लाइट से जुड़ी शिकायतें रखीं। इस पर विधायक ने मौके पर मौजूद संबंधित विभाग के अधिकारियों को शाम तक समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा कई स्थानों पर टूटी हुई पटियों, जाम गलियों और मलबे से भरी नालियों को देखकर उन्होंने नाराजगी जताई। साथ चल रहे जोनल अधिकारी को तत्काल सफाई और मरम्मत कार्य कराने के निर्देश दिए।

पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने वार्ड में पांच पौधे भी लगाए और लोगों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने की अपील की।

इस दौरान मंडल अध्यक्ष बबलू सेठ, शुभम चौरसिया, विजय सोनकर, दीपक कुशवाहा, रोहित जायसवाल, संतोष सोलापुरकर, अंकुर मल्होत्रा, साहेब लाल सेठ सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, स्थानीय नागरिक और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।