Movie prime

वाराणसी में MLC चुनाव की सरगर्मी तेज,14 अक्टूबर को CM योगी कार्यकर्ताओं को करेंगे संबोधित

 
वाराणसी में MLC चुनाव की सरगर्मी तेज,14 अक्टूबर को CM योगी कार्यकर्ताओं को करेंगे संबोधित
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

Varanasi : आगामी स्नातक एवं शिक्षक विधान परिषद चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार (12 अक्टूबर) को गुलाबबाग स्थित भाजपा महानगर कार्यालय में तीनों विधानसभा क्षेत्रों के प्रमुख पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई। इसमें चुनावी रणनीति, बूथ प्रबंधन और मतदाताओं से संपर्क अभियान को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

बैठक में महानगर प्रभारी एवं विधान परिषद सदस्य अरुण पाठक ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। साथ ही 14 अक्टूबर को वाराणसी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रस्तावित जनसभा की तैयारियों पर भी चर्चा की गई।

14 अक्टूबर को संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में होगी सीएम योगी की जनसभा

बैठक में अरुण पाठक ने बताया कि 14 अक्टूबर को संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर में भाजपा की जनसभा प्रस्तावित है। पार्टी की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इसमें मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।

उन्होंने कहा कि चुनाव में प्रभावी रणनीति और मजबूत बूथ प्रबंधन महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसके लिए सभी पन्ना प्रमुखों को सक्रिय कर मतदाताओं से संपर्क बढ़ाने के निर्देश दिए गए।

b

हर मतदाता के घर तीन बार संपर्क करेंगे कार्यकर्ता

भाजपा महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने पिछले चुनावों के अनुभवों का उल्लेख करते हुए कहा कि इस बार संगठन किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतेगा।उन्होंने कहा कि पिछले चुनाव में अति आत्मविश्वास के कारण हुई चूक से सबक लिया गया है। इस बार कार्यकर्ताओं को प्रत्येक मतदाता के घर कम से कम तीन बार संपर्क करने की जिम्मेदारी दी जाएगी।

बैठक में महानगर के सभी 13 मंडलों के पदाधिकारियों को चुनावी तैयारियों में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए कहा गया।

मतदाताओं को समझाई जाएगी मतदान की प्रक्रिया

बैठक के दौरान स्नातक एवं शिक्षक एमएलसी चुनाव की मतदान प्रक्रिया को लेकर भी चर्चा हुई।

अरुण पाठक ने बताया कि कार्यकर्ता मतदाताओं को प्रत्याशी के नाम के सामने रोमन अंक '1' अंकित कर प्रथम वरीयता का मत दर्ज करने की प्रक्रिया समझाएंगे।

साथ ही मतदाताओं को यह जानकारी दी जाएगी कि मतदान के लिए निर्वाचन आयोग की ओर से उपलब्ध कराए जाने वाले पेन का ही उपयोग करना है। मतदान प्रक्रिया से जुड़े आधिकारिक निर्देशों का पालन करने पर जोर दिया गया।

b

मंत्रियों और विधायकों ने भी कार्यकर्ताओं को किया संबोधित

बैठक को राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रवींद्र जायसवाल, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर मिश्र 'दयालु', पूर्व महापौर रामगोपाल मोहले, पूर्व डिप्टी मेयर संजय राय, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, विधायक नीलकंठ तिवारी, पूर्व विधायक सुरेंद्र नारायण सिंह 'औढ़े' और पूर्व क्षेत्रीय उपाध्यक्ष सुधीर मिश्रा ने भी संबोधित किया।

वक्ताओं ने कहा कि भाजपा सरकार शिक्षकों और स्नातकों से जुड़े मुद्दों पर काम कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से चुनाव के मद्देनजर घर-घर संपर्क अभियान तेज करने की अपील की।

इस अवसर पर महानगर स्नातक एवं शिक्षक चुनाव संयोजक चंद्रशेखर उपाध्याय, मीडिया संयोजक प्रमील पाण्डेय, विकास बागी, अशोक जाटव, मधुकर चित्रांश, अवधेश राय, अनुपम गुप्ता और विवेक पाण्डेय सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।