Movie prime

वाराणसी में अगले 48 घंटे में एक्टिव होगा मानसून, बारिश का अलर्ट, गंगा का जलस्तर भी बढ़ा

 
 
Weather
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। तेज धूप और उमस से जूझ रहे काशीवासियों को जल्द राहत मिल सकती है। गुरुवार सुबह शहर का तापमान 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के भीतर मानसून के दोबारा सक्रिय होने की संभावना जताई है। इसके प्रभाव से वाराणसी और आसपास के जिलों में अच्छी बारिश होने के आसार हैं, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने के साथ किसानों को भी फायदा होने की उम्मीद है।

अच्छी बारिश की संभावना

बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक मनोज श्रीवास्तव के अनुसार, अगले दो दिनों में मानसूनी गतिविधियां तेज होने की संभावना है। इसके चलते पूर्वांचल के कई हिस्सों, विशेषकर वाराणसी और आसपास के क्षेत्रों में अच्छी बारिश हो सकती है। यदि पूर्वानुमान सही रहा तो लंबे समय से उमस और गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिलेगी।

गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा

दूसरी ओर, लगातार हो रही बारिश और ऊपरी क्षेत्रों से छोड़े जा रहे पानी के कारण गंगा का जलस्तर भी धीरे-धीरे बढ़ रहा है। केंद्रीय जल आयोग के अनुसार, गुरुवार सुबह 6 बजे वाराणसी में गंगा का जलस्तर 60.40 मीटर दर्ज किया गया।

हालांकि जलस्तर में बढ़ोतरी हो रही है, लेकिन यह अभी भी चेतावनी स्तर 70.262 मीटर और खतरे के निशान 71.262 मीटर से काफी नीचे है। फिलहाल बाढ़ जैसी कोई स्थिति नहीं है।

दशाश्वमेध घाट की तीन सीढ़ियां डूबीं

गंगा का जलस्तर बढ़ने का असर घाटों पर भी दिखाई देने लगा है। वाराणसी के प्रसिद्ध दशाश्वमेध घाट की तीन सीढ़ियां पानी में डूब चुकी हैं। इसे देखते हुए घाट किनारे कारोबार करने वाले दुकानदारों और नाविकों की चिंता बढ़ गई है। हालांकि प्रशासन की ओर से फिलहाल किसी तरह का अलर्ट जारी नहीं किया गया है।

मौसम विभाग का अनुमान है कि यदि अगले 48 घंटे में अच्छी बारिश होती है तो गंगा के जलस्तर में और बढ़ोतरी हो सकती है। ऐसे में प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।