20 हजार से ज्यादा उम्मीदवार, 45 सेंटर… वाराणसी में होमगार्ड परीक्षा को लेकर तैयारी पूरी
Varanasi : होमगार्ड्स एनरोलमेंट परीक्षा-2025 को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। परीक्षा की तैयारियों के मद्देनजर जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार और अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीणा ने अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
45 केंद्रों पर दो पालियों में होगी परीक्षा
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित यह परीक्षा 25 से 27 अप्रैल तक जिले के 45 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी। परीक्षा दो पालियों में होगी, सुबह 10 से 12 बजे और दोपहर 3 से 5 बजे तक। इसमें कुल 20,112 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
हर केंद्र पर मजिस्ट्रेट की तैनाती
परीक्षा की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक केंद्र पर एक सेक्टर मजिस्ट्रेट और एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। अधिकारियों को पहले से केंद्रों का निरीक्षण कर सीटिंग प्लान और अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा पूरी तरह नकलविहीन, शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई जाए। सभी केंद्र व्यवस्थापकों को अपने स्टाफ और कक्ष निरीक्षकों की ब्रीफिंग अनिवार्य रूप से कराने को कहा गया है।
CCTV निगरानी और सख्त चेकिंग
परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी रखी जाएगी। प्रवेश के समय अभ्यर्थियों की सख्त चेकिंग होगी और किसी भी स्थिति में मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, ब्लूटूथ या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण अंदर ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
परीक्षा के दौरान केंद्रों के आसपास 200 मीटर की परिधि में फोटोस्टेट की दुकानें बंद रहेंगी। साथ ही ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग पर भी पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। अभ्यर्थियों के लिए मोबाइल और अन्य सामान रखने हेतु क्लॉक रूम की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
अधिकारियों को SOP पालन के निर्देश
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को भर्ती बोर्ड की मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) का अक्षरशः पालन करने के निर्देश दिए। साथ ही परीक्षा के दौरान किसी भी चुनौती से निपटने के लिए सतर्क रहने को कहा गया।
प्रशासन का कहना है कि पूर्व अनुभव के आधार पर इस परीक्षा को भी सफलतापूर्वक और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जाएगा।
