Movie prime

गर्मी से पहले नगर निगम अलर्ट : 541 कुओं की होगी सफाई और सुंदरीकरण, लगाए जाएंगे वाटर कूलर

 
Nagar Nigam
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now
वाराणसी: गर्मी के मौसम में संभावित जल संकट से निपटने के लिए नगर निगम ने पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने की तैयारी तेज कर दी है। मंगलवार को नगर निगम सभागार में नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में शहर की जलापूर्ति व्यवस्था की समीक्षा की गई।

बैठक में नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि खराब पड़े ट्यूबवेल और पंपों की तत्काल तकनीकी जांच कराई जाए और मरम्मत कार्य समय पर पूरा किया जाए। उन्होंने साफ कहा कि काम में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

31 मार्च तक 541 कुओं की सफाई का लक्ष्य

नगर आयुक्त ने शहर के सभी 541 कुओं की सफाई और सुंदरीकरण 31 मार्च तक पूरा करने का निर्देश दिया है, ताकि गर्मी में जल संकट गहराने से पहले वैकल्पिक जल स्रोत तैयार हो सकें।

अधिकारियों के अनुसार अब तक 162 कुओं की सफाई पूरी हो चुकी है, जबकि 140 कुओं की सफाई का कार्य जारी है। शेष 340 कुओं की सफाई के लिए टेंडर प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है।

खराब पंपों को लेकर सख्त चेतावनी

नगर आयुक्त ने जलकल विभाग को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि गर्मी के दौरान पंपों की खराबी या किसी भी तकनीकी खामी से लोगों को पानी की समस्या नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि शहर के हर इलाके में पानी का दबाव बनाए रखना विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

शहर में बढ़ेंगे वाटर कूलर

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि शहर में लगे 18 वाटर कूलरों की संख्या बढ़ाकर 28 की जाएगी। इसके लिए प्रमुख और भीड़भाड़ वाले स्थानों का चयन किया जा रहा है, ताकि गर्मी में लोगों को ठंडा पेयजल आसानी से मिल सके।

नगर आयुक्त ने कहा कि नागरिकों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।