लोलार्क छठ और सुरहिया मेले की तैयारियों में जुटा नगर निगम, महापौर ने दिए शत-प्रतिशत व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश
वाराणसी। भदैनी स्थित ऐतिहासिक लोलार्क कुंड पर 16 और 17 सितंबर को आयोजित होने वाले लोलार्क छठ मेले तथा लक्सा स्थित लक्ष्मी कुंड पर 19 सितंबर को सजने वाले सुरहिया मेले की तैयारियों को लेकर नगर निगम पूरी तरह अलर्ट मोड में है। सोमवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने विभागीय अधिकारियों एवं क्षेत्रीय पार्षदों के साथ दोनों मेला स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने कहा कि पूर्वांचल समेत देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की आस्था, सुरक्षा, सुगमता और सुविधा में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले से पहले सफाई, सीवर, पेयजल, मार्ग प्रकाश, सड़क मरम्मत, गड्ढामुक्त इंटरलॉकिंग और अतिक्रमण हटाने से संबंधित सभी कार्य शत-प्रतिशत पूरे कर लिए जाएं।
महापौर ने लोलार्क कुंड और लक्ष्मी कुंड तक जाने वाली गलियों व मुख्य मार्गों का पैदल निरीक्षण भी किया। उन्होंने मेला परिसर, कुंड के आसपास और संपर्क मार्गों पर लगातार विशेष सफाई अभियान चलाने तथा अतिरिक्त कूड़ेदान रखने के निर्देश दिए। मच्छरजनित रोगों की रोकथाम के लिए चूना और एंटी-लार्वा का छिड़काव कराने के साथ नियमित फॉगिंग सुनिश्चित करने को कहा गया।
जलकल विभाग को स्वच्छ पेयजल आपूर्ति, आवश्यकता के अनुसार वाटर टैंकर की उपलब्धता और सीवर लीकेज को तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। नगर आयुक्त ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पर्याप्त संख्या में मोबाइल शौचालय उपलब्ध कराने तथा खराब स्ट्रीट लाइटों की शीघ्र मरम्मत पर भी जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि तैयारियों में किसी भी स्तर पर शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मेले के सफल संचालन और पर्यवेक्षण के लिए नगर आयुक्त ने लोलार्क कुंड मेले के लिए अपर नगर आयुक्त अमित कुमार तथा सुरहिया मेले के लिए अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा को नोडल अधिकारी नामित किया है।
निरीक्षण के दौरान लोलार्क कुंड पर पार्षद राजेश यादव, विजय द्विवेदी, सहायक अभियंता (जलकल) विकास निषाद, अवर अभियंता (सिविल) पंकज पटेल, सफाई निरीक्षक शिवेश तिवारी, अवर अभियंता (जलकल) दीपक कुमार सिंह और अवर अभियंता (मार्ग प्रकाश) हरीश मिश्रा उपस्थित रहे। वहीं लक्ष्मी कुंड (लक्सा) के निरीक्षण में जोनल अधिकारी (दशाश्वमेध), अवर अभियंता (सिविल) नागेंद्र कुमार, सफाई निरीक्षक वेद प्रकाश राय, अवर अभियंता (जलकल) कुमारी चंदन यादव, अवर अभियंता (मार्ग प्रकाश) हरीश मिश्रा तथा वेलस्पन के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
