Movie prime

मानसून से पहले नाले-सीवर सफाई को लेकर नगर निगम अलर्ट, लापरवाही पर अफसरों पर गिरेगी गाज

 
मानसून से पहले नाले-सीवर सफाई को लेकर नगर निगम अलर्ट, लापरवाही पर अफसरों पर गिरेगी गाज
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

Varanasi : मानसून से पहले शहर में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए नगर निगम ने नालों की सफाई और सीवर व्यवस्था को दुरुस्त करने का विशेष अभियान तेज कर दिया है। गुरुवार को सिगरा स्थित स्मार्ट सिटी सभागार में महापौर अशोक कुमार तिवारी ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ चल रहे कार्यों की विस्तृत समीक्षा की।

बैठक में महापौर ने साफ निर्देश दिए कि शहर के सभी छोटे-बड़े नाले, सीवर लाइन और गलीपिटों की सफाई समयबद्ध तरीके से पूरी की जाए। उन्होंने कहा कि कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

महापौर ने विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर देते हुए कहा कि सामान्य विभाग छोटे नालों और गलीपिटों की सफाई करेगा, जबकि जलकल विभाग सुपर सकर मशीनों के माध्यम से सीवर जाम की समस्या का समाधान सुनिश्चित करेगा। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रतिदिन सफाई कार्य की रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।

उन्होंने अब तक साफ किए गए नालों की सूची भी तलब की है, ताकि उनकी औचक जांच कराई जा सके। महापौर ने घोषणा की कि वे स्वयं सोमवार सुबह 7:30 बजे से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में नाला सफाई कार्य का स्थलीय निरीक्षण करेंगे।

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने अधिकारियों को 15 दिनों के भीतर विशेष अभियान चलाकर सभी गलीपिटों की सफाई और मरम्मत कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में जलकल के महाप्रबंधक अनूप सिंह, ओपी सिंह और नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुरेंद्र कुमार चौधरी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।