पेंटर की मौत मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज: पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद पिता की तहरीर, मकान से CCTV का DVR गायब
वाराणसी I वाराणसी के लंका थाना क्षेत्र अंतर्गत नगवा इलाके में एक मकान के भीतर पेंटर सोनू यादव का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद परिजनों ने इसे सुनियोजित हत्या बताते हुए थाने में तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने हत्या की एफआईआर दर्ज कर जांच तेज कर दी है।
मकान के बाथरूम के पास मिला था शव
मृतक सोनू यादव, टिकरी गांव निवासी थे और पिछले करीब 10 दिनों से नगवा स्थित एक मकान में पेंटिंग का काम कर रहे थे। मंगलवार को वह काम के लिए घर से निकले थे।
दोपहर करीब दो बजे मकान में किराए पर रहने वाले एक शोध छात्र ने उन्हें बाथरूम के पास लहूलुहान हालत में देखा और पुलिस को सूचना दी।
सीने में गोली, हाथ में मिली पिस्टल
पुलिस के अनुसार, सोनू के सीने के दाहिने हिस्से में गोली का निशान पाया गया, जबकि उनके हाथ के पास .32 बोर की पिस्टल बरामद हुई। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि घटनास्थल पर खून के छींटे नहीं मिले, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया है।
डीवीआर गायब, हॉस्टल संचालन पर भी सवाल
जांच में यह भी सामने आया है कि जिस रिहायशी मकान में घटना हुई, वहां अवैध रूप से हॉस्टल चलाया जा रहा था। मौके से सीसीटीवी का डीवीआर गायब मिलने पर पुलिस ने अलग से जांच शुरू कर दी है।
साथ ही, हॉस्टल में रहने वाले कुछ छात्रों, जिनमें बीएचयू के छात्र भी शामिल हैं, से पूछताछ की जा रही है।
चार लोग हिरासत में, जांच जारी
भेलूपुर एसीपी गौरव कुमार ने बताया कि सोनू के पिता बाबूलाल यादव की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं—आत्महत्या, दुर्घटना या हत्या—पर जांच कर रही है।
परिजनों का आरोप: सुनियोजित हत्या
मृतक के पिता ने आरोप लगाया है कि यह सुनियोजित हत्या है, क्योंकि मौके पर खून के छींटे नहीं मिले और पिस्टल का मिलना भी संदेह पैदा करता है।
परिजनों ने देर शाम सोनू यादव का अंतिम संस्कार कर दिया।
पुलिस जांच में जुटी
फिलहाल पुलिस फॉरेंसिक साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ के आधार पर मामले की तह तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
