Nagar Nigam का पारदर्शिता अभियान तेज — ऋषि मांडवी जोन में अब तक 374 भवनों का पंजीकरण पूर्ण
Varanasi : शहर में संपत्ति पंजीकरण और कर निर्धारण प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से Nagar Nigam द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत ऋषि मांडवी जोन में भवन पंजीकरण कार्य तेजी से प्रगति पर है। अब तक कुल 374 भवनों का पंजीकरण कार्य पूरा कर लिया गया है।
Nagar Nigam के अनुसार, नवविस्तारित क्षेत्रों में अनावासीय (व्यावसायिक) भवनों का सर्वेक्षण कार्य भी तेजी से चल रहा है। अब तक 362 व्यावसायिक भवनों का सर्वेक्षण पूरा किया जा चुका है, जिनके स्वामियों को 15 दिन में आपत्ति दर्ज कराने हेतु नोटिस जारी किए गए हैं।
जोनल अधिकारी इन्द्र विजय सिंह यादव ने बताया कि यदि भवन स्वामी नोटिस प्राप्त करने के बाद किसी प्रकार की आपत्ति रखते हैं, तो वे अपने सभी अभिलेखों के साथ ऋषि मांडवी जोन कार्यालय में उपस्थित होकर आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। निर्धारित समय के बाद कोई आपत्ति न मिलने पर भवन का वार्षिक मूल्यांकन नगर निगम के अभिलेखों में दर्ज कर दिया जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि एक बार मूल्यांकन दर्ज हो जाने के बाद भवन से संबंधित कर और स्वामित्व की पूरी जिम्मेदारी भवन स्वामी की होगी।
यह अभियान जोन के अंतर्गत आने वाले बजरडीहा, तुलसीपुर, मण्डुआडीह, कंदवा, करौंदी, सुसुवाहीं, मढ़ौली, लोहता, ककरमत्ता और शिवदासपुर वार्डों में संचालित है। अब तक 12 भवन स्वामियों ने अपने दस्तावेज प्रस्तुत कर सफलतापूर्वक पंजीकरण पूर्ण किया है। Nagar Nigam का यह अभियान शहर की राजस्व प्रणाली को सुदृढ़ करने की दिशा में एक अहम कदम है। निगम प्रशासन का उद्देश्य सभी आवासीय और व्यावसायिक भवनों को कर प्रणाली के दायरे में लाना है, ताकि विकास कार्यों के लिए राजस्व संग्रह में पारदर्शिता और नियमितता बनी रहे।
Nagar Nigam अधिकारियों के अनुसार, यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और प्रत्येक जोन में इसी तरह से भवनों का सत्यापन, पंजीकरण और कर निर्धारण प्रक्रिया चरणबद्ध रूप से पूरी की जाएगी।
