नागकूप बनेगा धर्म और शास्त्रों के शोध का केंद्र, देशभर के विद्वान करेंगे दुर्लभ पांडुलिपियों का अध्ययन
वाराणसी। काशी के जैतपुरा स्थित नागकूप में धर्म और संस्कृत से जुड़े महत्वपूर्ण शोधपत्रों, पांडुलिपियों और प्राचीन दस्तावेजों को संरक्षित करने की पहल की जा रही है। इस सामग्री को एक साझा मंच पर उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि देशभर के धर्म, संस्कृत और विभिन्न धार्मिक परंपराओं के विशेषज्ञ इसका अध्ययन कर सकें और दुर्लभ सामग्री की व्याख्या कर सकें।
उत्तर प्रदेश नागकूप शास्त्रार्थ समिति के महामंत्री एवं बीएचयू में व्याकरण के आचार्य प्रो. राम नारायण द्विवेदी ने बताया कि इस व्यवस्था के तहत देशभर में धर्म से संबंधित प्रकाशित शोधपत्रों को एक स्थान पर उपलब्ध कराने की योजना है। अलग-अलग क्षेत्रों में मौजूद शोध सामग्री को भी साझा मंच से जोड़कर उसके तुलनात्मक अध्ययन का रास्ता तैयार किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि कई पांडुलिपियों, भोजपत्रों और क्रोड पत्रों में दर्ज सामग्री सामान्य व्यक्ति के लिए समझना आसान नहीं होती। ऐसे में देश के विभिन्न हिस्सों से धर्म और संस्कृत के विद्वानों तथा विशेषज्ञों को अध्ययन प्रक्रिया से जोड़ा जाएगा। विशेषज्ञ इन दस्तावेजों की भाषा, संदर्भ और विषयवस्तु को समझकर उनकी व्याख्या करेंगे।
विशेषज्ञों की व्याख्या देशभर में रियल टाइम पहुंचाने की योजना
परियोजना की खास बात यह होगी कि काशी में किसी दुर्लभ पांडुलिपि या प्राचीन दस्तावेज का अध्ययन चल रहा होगा तो विशेषज्ञों की व्याख्या को रियल टाइम में देशभर तक पहुंचाने की व्यवस्था की जाएगी। इससे देश के अलग-अलग हिस्सों में मौजूद शोधार्थी और विद्वान भी उस अध्ययन से जुड़ सकेंगे।
इस पहल में अलग-अलग परंपराओं, भाषाओं और धार्मिक ग्रंथों की जानकारी रखने वाले विशेषज्ञों का सहयोग लिया जाएगा। इसका उद्देश्य केवल सामग्री को संरक्षित करना ही नहीं, बल्कि उसके ऐतिहासिक और शास्त्रीय संदर्भों को समझकर आगे के शोध के लिए उपयोगी बनाना भी है।
नागकूप में मिलेगा शास्त्रीय और धार्मिक सवालों का जवाब
प्रो. राम नारायण द्विवेदी ने कहा कि काशी में शास्त्रार्थ की परंपरा प्राचीन काल से जीवंत रही है। नागकूप में शास्त्रार्थ का स्वरूप काफी व्यापक और स्वतंत्र है। यहां पहले से सवाल या विषय तय नहीं किए जाते, बल्कि शास्त्र परंपरा से जुड़े प्रश्न और जिज्ञासाएं विद्वानों के सामने रखी जाती हैं और गुरुजन उनका उत्तर देते हैं।
पंजीकरण नहीं कराने वाले विद्वान भी अपने विषय, प्रश्न और शंकाएं लेकर यहां आ सकते हैं। धर्म से जुड़े शोधपत्रों को भी शास्त्रार्थ के पटल पर रखा जाता है, जिनके आधार पर आगे की कार्ययोजनाएं तैयार की जाती हैं।
इस दौरान नागकूप के धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व के साथ-साथ संस्कृत शास्त्रों की समृद्ध परंपरा पर भी चर्चा होगी। पहल के जरिए काशी की शास्त्रार्थ परंपरा को देशभर के विद्वानों और शोधार्थियों से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है।
