Movie prime

वाराणसी में कल लगेगा NCERT पुस्तक मेला, 9वीं से 12वीं तक की किताबें मिलेंगी सस्ती दरों पर

 
वाराणसी में कल लगेगा NCERT पुस्तक मेला, 9वीं से 12वीं तक की किताबें मिलेंगी सस्ती दरों पर
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए विद्यार्थियों को समय पर एनसीईआरटी की पाठ्य पुस्तकें उपलब्ध कराने के उद्देश्य से वाराणसी में 15 जुलाई को एनसीईआरटी पुस्तक मेले का आयोजन किया जाएगा। यह मेला सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक पीएम श्री राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज में आयोजित होगा। इस संबंध में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।

पुस्तक मेले में हाईस्कूल (कक्षा 9 एवं 10) तथा इंटरमीडिएट (कक्षा 11 एवं 12) के विद्यार्थियों के लिए एनसीईआरटी की मान्यता प्राप्त पाठ्य पुस्तकें उपलब्ध कराई जाएंगी। मेले में 36 विषयों से संबंधित करीब 70 प्रकार की एनसीईआरटी पुस्तकों की बिक्री होगी। इसके साथ ही कक्षा 9 से 12 तक के हिंदी, संस्कृत और उर्दू विषयों की चयनित पुस्तकें भी विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध रहेंगी।

माध्यमिक शिक्षा विभाग के अनुसार, सभी पुस्तकें निर्धारित एवं किफायती दरों पर उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे विद्यार्थियों और अभिभावकों को आर्थिक राहत मिलेगी। विभाग का उद्देश्य नए शैक्षिक सत्र की शुरुआत से पहले सभी छात्रों तक आवश्यक एवं प्रमाणित अध्ययन सामग्री पहुंचाना है।

जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) भोलेंद्र प्रताप सिंह ने सभी राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त तथा वित्तविहीन मान्यता प्राप्त विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने विद्यालयों के अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और अभिभावकों को पुस्तक मेले की जानकारी दें तथा उन्हें इसमें शामिल होने के लिए प्रेरित करें।

शिक्षा विभाग का मानना है कि इस पहल से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण और प्रमाणित अध्ययन सामग्री आसानी से उपलब्ध होगी। साथ ही बाजार में एनसीईआरटी पुस्तकों की कमी की समस्या से भी काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है।