Movie prime

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर NDRF जवानों ने किया सामूहिक योगाभ्यास, स्वस्थ जीवन का दिया संदेश

 
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर NDRF जवानों ने किया सामूहिक योगाभ्यास, स्वस्थ जीवन का दिया संदेश
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

Varanasi : 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 11वीं एनडीआरएफ बटालियन, वाराणसी द्वारा चौकाघाट स्थित वाहिनी मुख्यालय में भव्य योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन उप महानिरीक्षक मनोज कुमार शर्मा के निर्देशन में किया गया, जिसमें एनडीआरएफ के अधिकारियों, जवानों और उनके परिजनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

कार्यक्रम का उद्देश्य आपदा प्रबंधन जैसे चुनौतीपूर्ण दायित्वों का निर्वहन करने वाले बचावकर्मियों के बीच योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करना था।

इस अवसर पर काशी हिंदू विश्वविद्यालय के योग वेलनेस सेंटर के प्रशिक्षक ऋषभ पाण्डेय और यश मौर्य ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। योग सत्र के दौरान शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के लिए योग के महत्व पर भी विस्तार से जानकारी दी गई।

एनडीआरएफ के बचावकर्मियों ने केवल वाराणसी ही नहीं, बल्कि नमो घाट, सारनाथ, गोरखपुर, लखनऊ और भोपाल में भी विभिन्न संस्थानों, निकायों के कर्मचारियों तथा विद्यालयों के विद्यार्थियों के साथ सामूहिक योगाभ्यास किया। इस दौरान लोगों को नियमित रूप से योग अपनाने के लिए प्रेरित भी किया गया।

उप महानिरीक्षक मनोज कुमार शर्मा ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ और सशक्त नहीं बनाता, बल्कि मानसिक संतुलन, एकाग्रता और तनाव प्रबंधन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने बताया कि 11वीं वाहिनी एनडीआरएफ समय-समय पर ऐसे स्वास्थ्य एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करती रहती है, जिससे जवानों की कार्यक्षमता, मानसिक दृढ़ता और समग्र स्वास्थ्य बेहतर बना रहे।

उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुए इस कार्यक्रम में सभी प्रतिभागियों ने योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।