Movie prime

शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, डीएम ने अधिकारियों को दी सख्त चेतावनी
 

 
 शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, डीएम ने अधिकारियों को दी सख्त चेतावनी
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में आईजीआरएस (समन्वित शिकायत निवारण प्रणाली) और जनसुनवाई पोर्टल पर लंबित शिकायतों की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित, प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि आईजीआरएस और जनसुनवाई पोर्टल शासन की शीर्ष प्राथमिकताओं में शामिल हैं, जिनका उद्देश्य आमजन की समस्याओं का पारदर्शी और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कार्य में किसी भी स्तर की लापरवाही न केवल शासन के निर्देशों की अवहेलना है, बल्कि जनसमस्याओं के समाधान में भी बाधा उत्पन्न करती है।

समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारीवार आईजीआरएस प्रकरणों की मासिक मूल्यांकन रिपोर्ट की जानकारी ली और एडीएम प्रशासन को असंतोषजनक फीडबैक प्राप्त करने वाले अधिकारियों को चिह्नित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बिना शिकायतकर्ता से संपर्क किए किसी भी शिकायत पर आख्या अपलोड न की जाए। ऐसा पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ प्रतिकूल प्रविष्टि दर्ज करते हुए विभागीय कार्रवाई के लिए सक्षम प्राधिकारी को प्रस्ताव भेजा जाएगा।

डीएम ने निर्देश दिया कि पिछले तीन महीनों में असंतोषजनक फीडबैक वाले मामलों में दोबारा फोन से संपर्क कर तथा स्थलीय निरीक्षण कर मौके पर ही शिकायतों का निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आम जनता की शिकायतों का समयबद्ध, निष्पक्ष और नियमसम्मत निस्तारण प्रत्येक अधिकारी की जिम्मेदारी है और भविष्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा।

उन्होंने संवेदनशील मामलों में तत्परता से प्रभावी कार्रवाई करने तथा शिकायतकर्ता की संतुष्टि सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह, एडीएम प्रशासन पंकज कुमार समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।