SIR कार्य में लापरवाही: 32 सफाईकर्मियों का वेतन रोका, दो दिनों में शत-प्रतिशत फॉर्म कलेक्शन का अल्टीमेटम
Varanasi : विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR) में सहयोग न करने पर 32 सफाईकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। चौबेपुर और चोलापुर के कर्मचारियों का 26 नवंबर का वेतन रोक दिया गया। बार-बार बुलाने के बावजूद वे अनुपस्थित रहे और अधिकारियों को कोई जानकारी नहीं दी, इसे गंभीर लापरवाही माना गया।
Varanasi : विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR) कार्य में सहयोग न करने पर जिले के 32 सफाईकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है। आरोप है कि ये कर्मचारी एसआईआर फॉर्म भरवाने जैसे महत्वपूर्ण कार्य में न केवल अनुपस्थित रहे, बल्कि बिना पूर्व सूचना के कार्यस्थल से भी गायब हो गए। इसी आधार पर चौबेपुर बाजार के 17 और चोलापुर ब्लॉक के 15 सफाईकर्मियों का 26 नवंबर का एक दिन का वेतन रोक दिया गया। कार्रवाई चोलापुर के सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) द्वारा की गई है।
कई बार बुलाने के बाद भी उपस्थित नहीं हुए कर्मचारी
जारी आदेश में बताया गया कि 25 नवंबर को एसडीएम के मौखिक निर्देश पर सभी सफाईकर्मियों को कई बार फोन कर बुलाया गया, लेकिन बार-बार सूचना देने के बावजूद कई कर्मचारी न तो पहुँचे और न ही अधिकारियों को किसी प्रकार की जानकारी दी। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए सभी 32 कर्मचारियों पर वेतन रोकने की कार्रवाई की गई।
चिरईगांव में समीक्षा बैठक, 70% फॉर्म लौटे, 50% फीड हुए
इधर, चिरईगांव ब्लॉक सभागार में एसआईआर फार्म कलेक्शन की प्रगति की समीक्षा बैठक बीडीओ छोटे लाल तिवारी की अध्यक्षता में हुई। इससे पहले उन्होंने कमौली, सीवों, गौराकला आदि गांवों का निरीक्षण किया। समीक्षा में पाया गया कि अब तक वितरित किए गए फॉर्मों में से 70 प्रतिशत फॉर्म वापस एकत्र किए जा चुके हैं और 50 प्रतिशत फॉर्म सिस्टम पर फीड कर दिए गए हैं।
दो दिनों में 100% कलेक्शन का लक्ष्य, लापरवाही पर फिर होगी कार्रवाई
बीडीओ ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि अगले दो दिनों में शत-प्रतिशत फॉर्म कलेक्शन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि कार्य में लापरवाही या देरी करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
एसआईआर कार्य की समयबद्ध प्रगति सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन लगातार निगरानी में जुटा है।
