Movie prime

नेहा सिंह राठौर से वाराणसी पुलिस ने दर्ज किया बयान, PM मोदी पर विवादित पोस्ट को लेकर हुआ था विवाद

सोशल मीडिया पोस्ट विवाद में लोक गायिका नेहा सिंह राठौर का वाराणसी पुलिस ने बयान दर्ज कर लिया। पांच सितारा होटल में पूछताछ के बाद पुलिस चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी में है।

 
नेहा सिंह राठौर
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: लोक गायिका और सोशल मीडिया पर मुखर आवाज़ के लिए जानी जाने वाली नेहा सिंह राठौर का वाराणसी पुलिस ने शुक्रवार को बयान दर्ज कर लिया। यह बयान लंका थाना क्षेत्र में दर्ज प्राथमिकी के संबंध में लिया गया है। पुलिस ने वाराणसी के एक पांच सितारा होटल में उनका बयान रिकॉर्ड किया।

गौरतलब है कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद प्रधानमंत्री को लेकर नेहा सिंह राठौर द्वारा की गई एक सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर विवाद खड़ा हुआ था। इसी पोस्ट के आधार पर हनुमान सेना के अध्यक्ष सुधीर सिंह ने वाराणसी के लंका थाने में उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी।

लंका थाने के प्रभारी निरीक्षक राजकुमार शर्मा के अनुसार, 20 मई को साकेत नगर निवासी सुधीर सिंह की तहरीर पर मामला दर्ज किया गया था। विवेचक दरोगा राकेश सिंह द्वारा तीन बार लखनऊ जाकर नेहा सिंह राठौर को नोटिस जारी की गई थी। बीते बुधवार को लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र में उन्हें विधिवत नोटिस रिसीव कराया गया।

शुक्रवार को दोपहर बाद वाराणसी पहुंचे विवेचक दरोगा राकेश सिंह और महिला कांस्टेबल रूपम ने होटल में नेहा सिंह राठौर का बयान दर्ज किया। यह बयान चार्जशीट दाखिल करने की प्रक्रिया के तहत लिया गया है। पुलिस अब जल्द ही न्यायालय में चार्जशीट दाखिल करेगी।

बयान दर्ज होने के बाद नेहा सिंह राठौर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व ट्विटर) पर एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा- “जिंदगी इन दिनों” इससे पहले नोटिस मिलने पर उन्होंने पुलिस कार्रवाई पर तीखी टिप्पणी भी की थी।

उल्लेखनीय है कि इस पूरे मामले में सुप्रीम कोर्ट ने नेहा सिंह राठौर को गिरफ्तारी से अंतरिम सुरक्षा प्रदान की है। न्यायमूर्ति जे. के. माहेश्वरी और अतुल एस. चंदुरकर की पीठ ने उत्तर प्रदेश सरकार और शिकायतकर्ता को नोटिस जारी करते हुए कहा था कि जांच के दौरान कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं की जाएगी, बशर्ते राठौर जांच में सहयोग करें।

हालांकि, इससे पहले इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ पीठ ने दिसंबर 2024 में उनकी अग्रिम जमानत याचिका यह कहते हुए खारिज कर दी थी कि उन्होंने जांच में पर्याप्त सहयोग नहीं किया था। नेहा सिंह राठौर के खिलाफ लखनऊ के हजरतगंज थाने और वाराणसी के लंका थाने में दर्ज मामलों की जांच फिलहाल जारी है।