BHU में नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 का शुभारंभ, श्री विश्वनाथ मंदिर में रुद्राभिषेक कर कुलपति ने की मंगलकामना
वाराणसी। काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में सोमवार को नवीन शैक्षणिक सत्र 2026-27 का शुभारंभ विश्वविद्यालय स्थित श्री विश्वनाथ मंदिर में विधिवत रुद्राभिषेक एवं पूजन-अर्चन के साथ हुआ। कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने भगवान विश्वनाथ का रुद्राभिषेक कर विश्वविद्यालय परिवार के सुख, समृद्धि एवं मंगल की कामना की।
इस अवसर पर कुलसचिव राजन श्रीवास्तव, छात्र अधिष्ठाता प्रो. रंजन कुमार सिंह, विभिन्न संस्थानों के निदेशक, संकाय प्रमुख, शिक्षक, अधिकारी एवं विश्वविद्यालय के वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे। पूजन का आयोजन श्री विश्वनाथ मंदिर के मानित व्यवस्थापक प्रो. ब्रजभूषण ओझा तथा संस्कृत विद्या धर्म विज्ञान संकाय के संकाय प्रमुख प्रो. राजा राम शुक्ल के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
विश्वविद्यालय की परंपरा के अनुसार प्रत्येक नए शैक्षणिक सत्र के प्रारंभ पर कुलपति द्वारा श्री विश्वनाथ मंदिर में पूजन किया जाता है। इसे ज्ञान, शिक्षा, समरसता और विश्वविद्यालय परिवार के कल्याण के प्रति बीएचयू की प्रतिबद्धता का प्रतीक माना जाता है।
पूजन के बाद कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने विश्वविद्यालय परिवार को नए सत्र की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यार्थियों, शिक्षकों, अधिकारियों और कर्मचारियों के कल्याण के लिए विश्वविद्यालय निरंतर प्रयासरत रहेगा। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षण और अनुसंधान विश्वविद्यालय की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं तथा प्रत्येक निर्णय के केंद्र में विद्यार्थियों का हित होना चाहिए।
उन्होंने विश्वविद्यालय परिवार से विद्यार्थियों के लिए सकारात्मक, सहयोगपूर्ण और प्रेरणादायी शैक्षणिक वातावरण तैयार करने का आह्वान किया। साथ ही गुणवत्तापूर्ण शोध प्रकाशनों, अनुसंधान परियोजनाओं को बढ़ावा देने तथा चिकित्सा विज्ञान संस्थान में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।
हाल ही में विश्वविद्यालय के दो विद्यार्थियों के निधन का उल्लेख करते हुए कुलपति ने विद्यार्थियों के साथ सतत संवाद बनाए रखने और उनके मानसिक एवं समग्र कल्याण के प्रति संवेदनशील रहने की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम का संचालन छात्र अधिष्ठाता कार्यालय की ओर से किया गया। स्वागत संबोधन में प्रो. रंजन कुमार सिंह ने विद्यार्थियों के हित में विश्वविद्यालय द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने परिवहन सुविधा, खेल अवसंरचना और मानसिक स्वास्थ्य सहायता सहित छात्र सुविधाओं को और सुदृढ़ बनाने के प्रयासों पर प्रकाश डाला।
अंत में कुलसचिव राजन श्रीवास्तव ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए सभी को नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए शुभकामनाएं दीं।
