कबीरचौरा अस्पताल में शिकायतों के लिए नई व्यवस्था, मरीज सीधे समिति के सामने रख सकेंगे बात
वाराणसी। जिला महिला चिकित्सालय कबीरचौरा में मरीजों और उनके तीमारदारों की शिकायतों के शीघ्र एवं प्रभावी निस्तारण के लिए ग्रिवान्स रिड्रेसल समिति का गठन किया गया है। समिति के सदस्यों की सूची अस्पताल परिसर में सार्वजनिक रूप से चस्पा कर दी गई है, ताकि मरीज और उनके परिजन अपनी समस्याओं को उचित स्तर तक आसानी से पहुंचा सकें।
समिति की अध्यक्षता डा. संजीव वर्मा करेंगे। वहीं समिति में डा. अलका सिंह, डा. आरएन सिंह, जोगेंद्र सिंह और विजयलक्ष्मी सिंह को सदस्य बनाया गया है।
प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डा. मनीष सिंह सेंगर ने बताया कि समिति का उद्देश्य अस्पताल में महिलाओं और बच्चों से जुड़ी स्वास्थ्य सेवाओं के दौरान आने वाली समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। अस्पताल में प्रतिदिन बड़ी संख्या में गर्भवती महिलाओं, प्रसूताओं और अन्य मरीजों का उपचार होता है। ऐसे में दवाओं की उपलब्धता, स्टाफ के व्यवहार, साफ-सफाई और अन्य सुविधाओं से संबंधित शिकायतें सामने आती रहती हैं।
अब मरीज और उनके तीमारदार इन समस्याओं को सीधे ग्रिवान्स रिड्रेसल समिति के समक्ष रख सकेंगे। समिति नियमित रूप से शिकायतों की समीक्षा करेगी और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।
स्वास्थ्य विभाग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप गठित इस समिति का उद्देश्य अस्पताल की सेवाओं में पारदर्शिता बढ़ाने, शिकायतों का समयबद्ध समाधान करने और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर देना है। समिति के सदस्यों की सूची सार्वजनिक किए जाने से मरीजों और उनके परिजनों को अपनी समस्याएं बिना झिझक सामने रखने में मदद मिलेगी।
