पुलिस लाइन हादसे में नया मोड़: मजदूर की मौत पर हत्या का आरोप, भाभी और भाई की तहरीर से जांच तेज
वाराणसी पुलिस लाइन में निर्माणाधीन इमारत से गिरकर मजदूर की मौत के मामले में नया मोड़ आया है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए साजिश का आरोप लगाया है। पुलिस ने ठेकेदार को हिरासत में लेकर जांच तेज कर दी है और पूरे घटनाक्रम की गहराई से पड़ताल की जा रही है।
वाराणसी: पुलिस लाइन परिसर में निर्माणाधीन बहुमंजिला इमारत से गिरकर हुई एक श्रमिक की मौत ने अब नया ट्विस्ट ले लिया है। अब मृतक के परिजनों ने इस मामले में हत्या का आरोप लगाया है। मृतक की भाभी नूरसमा ने कैंट थाने में तहरीर में आरोप लगाया है कि घटना से पहले वहां कार्यरत एक व्यक्ति से विवाद हुआ था और उसी के तहत हत्या की साजिश रची गई।
घटना के बाद पुलिस ने ठेकेदार को लिया हिरासत में
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए निर्माण कार्य से जुड़े ठेकेदार को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह महज हादसा था या इसके पीछे कोई साजिश छिपी है।
छठी मंजिल से गिरने से हुई दर्दनाक मौत
गुरुवार को पुलिस लाइन परिसर में बन रही जी-12 बिल्डिंग की छठी मंजिल से गिरकर 22 वर्षीय श्रमिक मोहम्मद इफ्तिखार की मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वह बालू लेकर ऊपरी मंजिल पर गया था, लेकिन कुछ ही देर बाद अचानक नीचे गिर पड़ा। करीब छह मंजिल की ऊंचाई से गिरने के कारण उसके सिर और गर्दन में गंभीर चोटें आईं।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
हादसे के तुरंत बाद घायल श्रमिक को दीनदयाल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और अन्य मजदूरों में दहशत फैल गई।
बिहार का निवासी था मृतक, परिवार को दी गई सूचना
डीसीपी वरुणा प्रमोद कुमार के अनुसार, मृतक मोहम्मद इफ्तिखार बिहार के अररिया जिले का रहने वाला था और निर्माण स्थल पर बालू चढ़ाने का काम करता था। वह अविवाहित था और उसके परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है, जो वाराणसी पहुंच रहे हैं।
प्रारंभिक जांच में हादसा, लेकिन आरोपों से बदला एंगल
पुलिस की शुरुआती जांच में यह सामने आया था कि सामग्री ऊपर पहुंचाने के दौरान संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिरा। हालांकि, अब परिजनों के आरोपों के बाद पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। पीडब्ल्यूडी विभाग को भी मामले की जानकारी दे दी गई है और बीमा संबंधित पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
हर एंगल से जांच में जुटी पुलिस
पुलिस का कहना है कि कॉल डिटेल, मौके के साक्ष्य और गवाहों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की गहन जांच की जा रही है। अगर किसी भी तरह की साजिश या लापरवाही सामने आती है, तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
