काशी में नितिन नबीन ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश, बोले- PM मोदी के विकसित भारत के संकल्प को गांव-गांव तक पहुंचाएं
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर गुजरात के वडनगर से शुरू हुई ‘सेवा संकल्प बाइक यात्रा’ बुधवार को वाराणसी पहुंची। करीब 20 हजार किलोमीटर का सफर तय करने के बाद यात्रा का भव्य समापन रोहनिया के जगतपुर इंटर कॉलेज मैदान में विशाल जनसभा के साथ हुआ। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंता बिस्वा सरमा और केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत बड़ी संख्या में भाजपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

17 सितंबर को गुजरात के वडनगर से रवाना हुए करीब 500 बाइक सवारों का काशी पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। काशी पहुंचने से पहले यात्रियों ने संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लाइव संबोधन सुना। इसके बाद काशी विश्वनाथ मंदिर में जलाभिषेक कर सभी बाइकर्स जगतपुर मैदान पहुंचे, जहां यात्रा का औपचारिक समापन हुआ।
नितिन नबीन बोले- 25 साल में प्रधानमंत्री ने रचा इतिहास
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा कि इतिहास का निर्माता बनना आसान नहीं होता, लेकिन पिछले 25 वर्षों को देखें तो यह जरूर कहा जा सकता है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इतिहास रचा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश को निराशा के माहौल से निकालकर युवाओं के भीतर आशा और विश्वास जगाने का काम किया।
नितिन नबीन ने कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री के विकसित भारत के संकल्प को गांव-गांव तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने गरीबों को आवास देने, तीन तलाक जैसी व्यवस्था खत्म करने, नक्सलवाद पर प्रभावी कार्रवाई करने और देश को दुनिया की बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल करने की दिशा में काम किया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ का मंत्र देश को नई ऊंचाइयों तक ले गया है। उन्होंने युवाओं से 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए लगातार काम करने का आह्वान किया।
CM योगी बोले- पिछले वर्षों में बदलती काशी को देखा है
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारत माता की जय, वंदे मातरम् और हर हर महादेव के उद्घोष के साथ अपना संबोधन शुरू किया। उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा का काशी की धरती पर स्वागत किया।
सीएम योगी ने कहा कि 25 साल पहले गुजरात की सत्ता संभालने वाले नरेंद्र मोदी ने प्रदेश को विकास के नए रास्ते पर खड़ा किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश और उत्तर प्रदेश में बड़े बदलाव हुए हैं।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछले वर्षों में उन्होंने खुद काशी को बदलते हुए देखा है। उन्होंने कहा कि एक समय उत्तर प्रदेश में अवैध कब्जे, अराजकता और महिलाओं के खिलाफ अपराध की स्थिति गंभीर थी, लेकिन आज तस्वीर बदल चुकी है।
उन्होंने कहा कि आज माफिया मिट्टी में मिल चुके हैं, अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण हुआ है, काशी विश्वनाथ धाम ने नया स्वरूप लिया है और मां विंध्यवासिनी का भव्य कॉरिडोर बना है। प्रयागराज में दिव्य और भव्य कुंभ का आयोजन भी इसी बदलाव का हिस्सा है।
हिमंता सरमा बोले- गुजरात से शुरू हुआ बदलाव अब पूरे देश तक पहुंचा
असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा कि 25 वर्ष पहले भूकंप से प्रभावित गुजरात को नरेंद्र मोदी के रूप में नया नेतृत्व मिला था। उनके नेतृत्व में गुजरात को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल किया गया और अब उसी विकास मॉडल का प्रभाव पूरे देश में दिखाई दे रहा है।
उन्होंने कहा कि आज भारत सेमीकंडक्टर निर्माण के क्षेत्र में अपनी पहचान बना रहा है। नक्सलवाद और उग्रवाद के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है और अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण भी हुआ है।
हिमंता सरमा ने कहा कि देश अब विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से विकास की इस गाथा को गांव-गांव तक पहुंचाने का आह्वान किया।
पंकज चौधरी ने बाइकर्स के संकल्प को सराहा
केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने यात्रा में शामिल युवाओं और कार्यकर्ताओं की निष्ठा और साहस की सराहना की। उन्होंने कहा कि वडनगर से काशी तक का सफर आसान नहीं था और सुरक्षा को लेकर भी शुरुआती स्तर पर कई चिंताएं थीं, लेकिन कार्यकर्ताओं के अटूट संकल्प और उत्साह के सामने हर बाधा आसान हो गई।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जीवन भाजपा कार्यकर्ताओं को राष्ट्रसेवा और जनसेवा के लिए लगातार प्रेरित करता है।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन और सार्वजनिक सेवा से जुड़ी एक लघु फिल्म के प्रदर्शन के साथ हुई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का बुके और अंगवस्त्र देकर स्वागत किया।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, मंत्री अनिल राजभर, रविंद्र जायसवाल, डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, हंसराज विश्वकर्मा, महापौर अशोक तिवारी, विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, डॉ. अवधेश सिंह, सौरभ श्रीवास्तव, त्रिभुवन राम, डॉ. सुनील पटेल, एमएलसी धर्मेंद्र राय, मंडलायुक्त एस. राजलिंगम, पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
